Sehore News : सीहोर। आस्था, प्रेम और पारिवारिक सौहार्द का प्रतीक गणगौर महापर्व मारवाड़ी महिला मंडल द्वारा बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर समाज की अध्यक्ष मंजू अग्रवाल के निवास पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें समाज की महिलाओं ने बढ़ चढक़र हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत माता गौरा और ईसर जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर माता को झाले दिए और लोकगीतों के माध्यम से सुख-समृद्धि की कामना की।
रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित
मिलन समारोह को और भी यादगार बनाने के लिए कई रोचक गेम्स और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महिलाओं के लिए आयोजित इन गतिविधियों में सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्याओं ने सामूहिक स्नेह भोज का आनंद लिया।
संस्कारों को सहेजने का संकल्प
समिति की अध्यक्ष मंजू अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि गणगौर केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारी गौरवशाली मारवाड़ी संस्कृति का प्रतिबिंब है। ऐसे आयोजनों से न केवल हमारी परंपराएं जीवित रहती हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपने संस्कारों से जुडऩे की प्रेरणा मिलती है। इस दौरान मारवाड़ी महिला मंडल की पदाधिकारी और समाज की महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।


