Sehore News: सीहोर। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में सीहोर को देश का नंबर-1 शहर बनाने के लिए नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने एक अनूठी और प्रेरक पहल की है। उन्होंने संकल्प लिया है कि वे अपने जन्मदिन के अवसर पर शहर की सुंदरता को बिगाडऩे वाले और यातायात में बाधा बनने वाले किसी भी प्रकार के होर्डिंग्स, बैनर या पोस्टर नहीं लगवाएंगे। खास बात यह रही कि प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म होते ही इस पर अमल भी शुरू हो गया और नपा अमले ने सबसे पहले नपाध्यक्ष के ही पोस्टर हटाए।
नगरपालिका परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रिंस राठौर ने कहा सडक़ों पर लगे अवैध फ्लेक्स और होर्डिंग्स न केवल गंदगी फैलाते हैं, बल्कि वाहन चालकों का ध्यान भटकाकर दुर्घटनाओं को भी न्योता देते हैं। मैं शपथ लेता हूं कि इस बार अपने जन्मदिन पर शहर में एक भी फ्लेक्स या स्वागत द्वार नहीं लगवाऊंगा। उन्होंने अन्य जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस मुहिम का हिस्सा बनें।
पीसी खत्म होते ही हुआ अमल
नपाध्यक्ष की घोषणा केवल बातों तक सीमित नहीं रही। जैसे ही पीसी समाप्त हुई नगरपालिका का अमला सक्रिय हो गया। अध्यक्ष के निर्देश पर टीम ने सबसे पहले स्वयं प्रिंस राठौर के ही बैनर और पोस्टर हटाना शुरू किया। अमले ने विशेष रूप से उन लोहे के एंगलों पर फोकस किया जो सडक़ों और डिवाइडरों पर सुंदरता को प्रभावित कर रहे थे।
पिछली उपलब्धि से आगे बढऩे का लक्ष्य
पीसी के दौरान पिछले साल के शानदार प्रदर्शन पर भी चर्चा की गई। सीहोर ने 1 से 3 लाख की आबादी वाले शहरों में राष्ट्रीय स्तर पर 6वां स्थान प्राप्त किया। प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। शहर को वाटर प्लास, ओडीएफ प्लस-प्लस, जीएफसी 3-स्टार जैसे महत्वपूर्ण सर्टिफिकेट मिले।
टॉप-5 में आने की तैयारी
नपाध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष हमारा लक्ष्य देश के टॉप-5 स्वच्छ शहरों में जगह बनाना है। इसके लिए अनेक कदम उठाए जाएंगे, जिसमें डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन और गीला-सूखा कचरा अलग करना को शत-प्रतिशत किया जाएगा। गीले कचरे से खाद और सूखे कचरे के पुनर्चक्रण को और मजबूत बनाया जाएगा। नालों की नियमित सफाई, सीवरेज ट्रीटमेंट और प्रमुख स्थलों के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर रहेगा। बता दें पीसी के दौरान पार्षद विजेंद्र परमार, राजेश माझी, दिनेश कुशवाहा, कमलेश कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और मीडियाकर्मी उपस्थित रहे। नगरपालिका ने सभी शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता को अपनी आदत बनाएं ताकि सीहोर को नंबर.1 बनाया जा सके।


