Sehore: विधायक पुत्र से भिड़े पूर्व पार्षद पर अब छेड़छाड़ का आरोप…

45

Sehore News: सीहोर। विधायक पुत्र के साथ विवाद के कारण सुर्खियों में रहे पूर्व पार्षद बाबूलाल मालवीय एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में हैं। इस बार एक महिला ने उन पर होटल ले जाकर छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। अब पुलिस आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
मामला पार्वती थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार आष्टा के वृंदावन कॉलोनी में रहने वाली एक महिला ने पुलिस को बताया कि नगरगंज निवासी पूर्व पार्षद बाबूलाल पिता नन्नूलाल मालवीय उससे परिचित था। इसी जान-पहचान का लाभ उठाते हुए आरोपी उसे घूमने के बहाने बायपास स्थित एक होटल में ले गया। पीडि़ता का आरोप है कि वहां बाबूलाल ने उसके साथ अभद्रता की और छेड़छाड़ की कोशिश की।
विरोध करने पर दी गंभीर धमकी
पीडि़ता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि जब उसने आरोपी की हरकतों का कड़ा विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की तो पूर्व पार्षद अपनी दबंगई पर उतर आया। आरोपी ने महिला को मुंह बंद रखने की धमकी दी और अंजाम भुगतने की बात कही। डरी-सहमी महिला ने घर पहुंचकर अपने पति को आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों के साथ थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया गया।
आरोपी पूर्व पार्षद फरार
पार्वती थाना प्रभारी हरिसिंह परमार के अनुसार महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी बाबूलाल मालवीय के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार है। पुलिस की अलग-अलग टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।