Sehore: राजाभोज गार्डन में हुई चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

05 sehore photo 16

Sehore News: सीहोर। शादियों के सीजन में मैरिज गार्डनों में उमड़ रही भीड़ का फायदा उठाकर चोर गिरोह सक्रिय हो गए हैं। हाल ही में शहर के राजाभोज गार्डन मुरली रोड में हुई एक बड़ी चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने सोमवार को सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
बता दें 24 अप्रैल को राजाभोज गार्डन में मोहन वर्मा के बच्चों का विवाह समारोह चल रहा था। खुशियों के माहौल के बीच अज्ञात चोरों ने नजर बचाकर कमरे में रखे एक बैग पर हाथ साफ कर दिया। इस बैग में उनकी भतीजियों के कीमती गहने रखे थे। समारोह के दौरान हुई इस चोरी से परिवार की खुशियां काफूर हो गई थीं।
पुलिस की सक्रियता से पकड़े चोर
घटना की शिकायत मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी रविन्द्र यादव ने टीम गठित कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में गहनों के साथ देखा गया है। घेराबंदी कर जब संदिग्ध को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने राजाभोज गार्डन से चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शत-प्रतिशत जेवर बरामद कर लिए हैं।
पुलिस की अपील
इस घटना के बाद पुलिस ने मैरिज गार्डन संचालकों और नागरिकों को अलर्ट रहने की सलाह दी है। पुलिस का कहना है कि शादी ब्याह जैसे सार्वजनिक कार्यक्रमों में कीमती सामान की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्क रहें। गहनों या नकदी वाले बैग को लावारिस न छोड़े और किसी भरोसेमंद व्यक्ति की निगरानी में रखें। संदिग्ध व्यक्तियों के दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।