Sehore News: सीहोर। सोमवार को आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर भीषड़ सडक़ हादसा हुआ। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग अति गेंभीर घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है अपने ही परिवार के एक मानसिक रूप से विक्षिप्त सदस्य का इलाज कराने के लिए नौ लोग बोलेरो से वाहन से निकले थे, जिनके वाहन में आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर मेना गोदी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भियापुर गांव के रहने वाले ये सभी लोग बोलेरो,जिसे अमर सिंह चला रहे थे में सवार होकर इलाज के लिए निकले थे। गाड़ी में राजाराम, भगवान, इंदर सिंह्र राधेश्याम, बनेसिंह, गुलाबचंद, हेमराज, देवीराम और अमरसिंह सहित कुल 9 लोग मौजूद थे। जैसे ही उनकी गाड़ी गोदी जोड़ के पास पहुंची सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने बोलेरो को सामने से रौंद दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।
मशक्कत के बाद गाड़ी से शवों को निकाला
हादसा होते ही सडक़ पर चीख पुकार मच गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आस पास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। गाड़ी के अंदर का नजारा देखकर हर किसी का दिल दहल गया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। बोलेरो की बॉडी को काटकर काफी मशक्कत के बाद मृतकों के शवों और घायलों को बाहर निकाला जा सका।
गांव में पसरा मातम, 4 घायलों की हालत नाजुक
इस हादसे में जान गंवाने वाले पांचों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जैसे ही यह खबर भियापुर गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। वहीं दूसरी ओर हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए राजाराम, हेमराज और इन्दर सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।


