Sehore: नगर मंडल-2 अध्यक्ष के क्षेत्र में आज लोकार्पण कार्यक्रम…

21 sehore photo 04

Sehore News : सीहोर। शहर के राजनीतिक और विकास के गलियारों में आज चर्चाओं का बाजार गर्म है। नगर में भाजपा के सांगठनिक विस्तार के ठीक चार दिन बाद नवगठित नगर मंडल.2 के क्षेत्र में एक बड़े विकास कार्य का श्रीगणेश होने जा रहा है। मंडी वर्कशॉप रोड पर 2.79 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण आज किया जाएगा।
गौरतलब है कि अब तक सीहोर नगर में भाजपा का केवल एक ही मंडल सक्रिय था, लेकिन चार दिन पहले ही सांगठनिक फेरबदल करते हुए नगर मंडल.2 की घोषणा की गई। सुशील ताम्रकार को इस नए मंडल का अध्यक्ष बनाया गया है। दिलचस्प बात यह रही कि अध्यक्ष पद की घोषणा के महज 52 मिनट के भीतर ही उनकी पूरी कार्यकारिणी की घोषणा भी कर दी गई थी। आज का यह लोकार्पण कार्यक्रम ताम्रकार के नेतृत्व वाले इसी नए क्षेत्र में होने जा रहा है। बता दें कि नगर मंडल.1 की जिम्मेदारी सुदीप प्रजापति संभाल रहे हैं।
सांसद, विधायक, नपाध्यक्ष होंगे शामिल
मंडी वर्कशॉप रोड पर होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्रीय दिग्गज शामिल होंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद आलोक शर्मा मौजूद रहेंगे, जबकि अध्यक्षता विधायक सुदेश राय करेंगे। अतिथि के रूप में विकास प्रिंस राठौर का नाम भी शामिल है।
उपभोक्ताओं को मिलेगी लो.वोल्टेज से मुक्ति
लगभग 2.79 करोड़ की भारी-भरकम लागत से तैयार इस विद्युत उपकेंद्र के शुरू होने से मंडी वर्कशॉप रोड और आसपास के रहवासी इलाकों की तस्वीर बदल जाएगी। लंबे समय से इस क्षेत्र के हजारों उपभोक्ता लो-वोल्टेज और बार-बार होने वाली बिजली ट्रिपिंग की समस्या से जूझ रहे थे। इस उपकेंद्र के लोकार्पण के बाद क्षेत्र को बिजली की बेहतर आपूर्ति सुनिश्चित होगी और उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।