Sehore: देवनगर कालोनी से घोड़ा चोरी…

24 sehore photo 10

Sehore News: सीहोर। शहर की देवनगर कॉलोनी में एक गरीब तांगा चालक के घर के बाहर से अज्ञात चोरों ने घोड़ा चोरी कर लिया है। पीडि़त परिवार के लिए यह घोड़ा सिर्फ एक जानवर नहीं, बल्कि उनकी आजीविका का एकमात्र सहारा था। घटना के बाद से पीडि़त परिवार आर्थिक रूप से परेशान हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवनगर कॉलोनी निवासी आर्यन पिता भगवान सिंह रोज की तरह मंगलवार 21 अप्रैल की रात करीब 9 बजे अपना काम खत्म कर घर लौटे थे। उन्होंने अपने घोड़े को तांगे से अलग कर घर के बाहर उसी स्थान पर बांधा था, जहाँ वे रोजाना उसे बांधते थे। इसके बाद वे खाना खाकर सोने चले गए। अगले दिन बुधवार सुबह जब वे करीब 7 बजे घोड़े को दाना-पानी देने और काम पर जाने के लिए बाहर आए तो उनके होश उड़ गए। मौके से घोड़ा गायब था और केवल रस्सी कटी हुई पड़ी थी।
हर जगह तलाश, पर नहीं मिला सुराग
पीडि़त आर्यन ने बताया कि उन्होंने आसपास के मोहल्लों, खाली मैदानों और शहर के अन्य हिस्सों में घोड़े की काफी तलाश की। जान पहचान वालों और अन्य तांगा चालकों से भी पूछताछ की गई, लेकिन घोड़े का कहीं कोई पता नहीं चला। चोरी गए घोड़े की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
अब रोजी-रोटी का संकट
कोतवाली थाने में आवेदन देते हुए पीडि़त ने अपनी व्यथा सुनाई। आर्यन ने बताया मैं एक गरीब आदमी हूं और तांगा चलाकर ही अपने परिवार का भरण-पोषण करता हूं। घोड़ा चोरी हो जाने के बाद अब मैं बेरोजगार हो गया हूं और घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।
पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग
पीडि़त ने कोतवाली थाना प्रभारी से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द उनके घोड़े को ढूंढने का प्रयास किया जाए ताकि उनका परिवार फिर से आत्मनिर्भर हो सके। फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।