Sehore News: सीहोर। विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में सडक़ों और सार्वजनिक स्थानों को साफ सुथरा व सुरक्षित बनाने के लिए विधायक सुदेश राय के कड़े तेवरों का बड़ा असर देखने को मिला है। विधायक के औचक निरीक्षण और कड़े निर्देशों के बाद प्रशासन व ग्राम पंचायतें एक्शन मोड में आ गई हैं। नतीजतन ग्रामीणों ने खुद आगे बढक़र सडक़ों और सरकारी परिसरों से अपने निजी स्वार्थ के लिए किए गए अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया है।
दरअसल पिछले दिनों विधायक सुदेश राय ने श्यामपुर, दोराहा और देवीपुरा सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का सघन दौरा किया था। इस भ्रमण के दौरान उन्होंने देखा कि कई गांवों में लाखों-करोड़ों की लागत से बनी पक्की सडक़ों पर कुछ लोगों ने अपने निजी स्वार्थ के चलते कचरे के ढेर घूड़े, गोबर और कंडे थेपकर मुख्य रास्तों को पूरी तरह से अवरुद्ध कर दिया है। सडक़ों की इस बदहाली और गंदगी को देखकर विधायक ने गहरी नाराजगी व्यक्त की थी। उन्होंने मौके से ही संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार, थाना प्रभारी और ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिवों को सख्त लहजे में निर्देशित किया था कि सडक़ों पर इस तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा इसे तत्काल हटवाया जाए।
अपने स्वार्थ के लिए न बढ़ाए दुर्घटनाओं का खतरा
दौरे के दौरान विधायक सुदेश राय ने ग्रामीण जनता से भी सीधे संवाद करते हुए आह्वान किया था कि सरकारी सडक़ों या सार्वजनिक जगहों पर ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे आवागमन प्रभावित हो। सडक़ों पर कंडे थपने और कचरा फेंकने से न सिर्फ गंदगी फैलती है, बल्कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों के फिसलने व बड़ी दुर्घटनाएं घटित होने का खतरा भी हमेशा बना रहता है। उन्होंने लोगों से स्वेच्छा से अपना-अपना अतिक्रमण हटाने की अपील की थी।
शाहजहांपुर पंचायत में दिखने लगा असर
विधायक के निर्देशों और समझाइश का जमीनी असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। इसके अंतर्गत ग्राम पंचायत शाहजहांपुर में प्रशासन और पंचायत अमले की मौजूदगी में ग्रामीणों ने स्वेच्छा से कदम बढ़ाए हैं। गांव के मुख्य मार्गों के किनारे लगे घूड़े और गोबर के उपलों को पूरी तरह साफ कर दिया गया है। इतना ही नहीं लंबे समय से गंदगी का शिकार हो रहे शासकीय स्कूल परिसरए ग्राम पंचायत प्रांगण और अन्य सार्वजनिक स्थानों से भी पूरी तरह से अतिक्रमण हटाकर उन्हें खाली करा लिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जो थोड़े बहुत घूड़े या कंडे शेष रह गए हैं, उन्हें भी तेजी से हटाया जा रहा है।


