@सीहोर। शहर के मंडी जनता कॉलोनी क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 25 में रेडक्रॉस सोसाइटी का लाखों रुपये की लागत से बना सरकारी भवन इन दिनों भू-माफिया की बुरी नजर का शिकार हो रहा है। जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण जहां एक ओर यह सरकारी भवन रखरखाव के अभाव में जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय दबंग अवैध कब्जे की नीयत से भवन और उसकी जमीन पर लगातार अतिक्रमण कर रहे हैं।

स्थानीय रहवासियों के अनुसार अतिक्रमणकारियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने बीते दिनों रेडक्रॉस भवन की बाउंड्रीवॉल को अवैध रूप से तोडक़र अपना निजी रास्ता तक बना लिया है। इसके अलावा भवन के खाली पड़े मैदान को कचरा घर में तब्दील कर दिया गया है ताकि जमीन को विवादित बनाकर धीरे-धीरे उस पर पक्का कब्जा किया जा सके। क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि उन्होंने पूर्व में भी विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में कई बार लिखित शिकायतें दीं, लेकिन अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। प्रशासन की इसी सुस्ती का फायदा उठाकर अब कब्जे में मंडी का यह सरकारी भवन पूरी तरह से असुरक्षित हो चुका है।
रेडक्रॉस अध्यक्ष व कलेक्टर से गुहार
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडी क्षेत्र के समस्त नागरिकों ने एकजुट होकर रेडक्रॉस जिला शाखा के अध्यक्ष व कलेक्टर के नाम एक सूचना पत्र सौंपा है। नागरिकों ने मांग की है कि भवन और जमीन से तुरंत अवैध अतिक्रमण हटाया जाए तथा तोडफ़ोड़ करने वाले असामाजिक तत्वों पर दंडात्मक कानूनी कार्रवाई हो। रेडक्रॉस भवन की जमीन की सरकारी नपती कराकर चारों तरफ पक्की बाउंड्रीवॉल बनाई जाए ताकि भविष्य में कोई कब्जा न कर सके। भवन की तत्काल मरम्मत कराई जाए ताकि आसपास के नागरिक इसका उपयोग सामाजिक, धार्मिक व मांगलिक आयोजनों के लिए कर सकें। भवन में सरकारी योजनाओं के तहत सिलाई अन्य कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जाएं ताकि स्थानीय युवाओं और महिलाओं को लाभ मिल सके।
बढ़ सकता है विवाद, ठोस कदम की जरूरत
नागरिकों ने बताया कि यदि समय रहते अतिक्रमणकारियों पर नकेल नहीं कसी गई तो आने वाले दिनों में क्षेत्र में कोई अप्रिय स्थिति या बड़ा विवाद खड़ा हो सकता है।


