Sehore: अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री के बाहर बजरंग दल का जबरदस्त प्रदर्शन, कोलकाता से आया गाय का चमड़ा

27 sehore photo 09

Sehore News: सीहोर। मुख्यालय के नजदीक काकरखेड़ा स्थित अल्फा प्रोटीन चमड़ा फैक्ट्री में सोमवार को उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गाय और भैंस के चमड़े से लदा एक ट्रक पकड़ लिया। घटना के बाद कार्यकर्ताओं ने फैक्ट्री के गेट पर जमकर नारेबाजी की और मालिक व ड्राइवर पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार तूमड़ा रोड पर एक ट्रक खड़ा था, जो राजस्थान पासिंग है। इस ट्रक से बदबू आने पर वहां से गुजर रहे बजरंग दल के कार्यकर्ता ने ट्रक ड्राइवर से पूछताछ की, जिस पर बताया कि ट्रक अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री जा रहा है, इसमें मोटा भैंस का चमड़ा भरा है। इतना कहकर चालक ने वाहन को आगे बढ़ा दिया। बजरंगदल कार्यकर्ता ने जिला मुख्यालय स्थित बजरंग दल-विहिप के पदाधिकारियों को इस बात की जानकारी दी।
अलर्ट हुए कार्यकर्ता
इधर सूचना आते ही सीहोर के बजरंग दल कार्यकर्ता अलर्ट हुए और उन्होंने पीछा कर ट्रक को क्रिसेंट चौराहा स्थित रोड पर रोक लिया। जांच पड़ताल करने के दौरान पाया कि ट्रक में गाय का चमड़ा है। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस व प्रशासनिक अफसरों को दी।
कोलकाता से लाया गया चमड़ा
पूछताछ के दौरान ट्रक चालक ने बताया कि वह कोलकाता से गाय और भैंस का चमड़ा भरकर लाया है। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी कई बार इस अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री में माल सप्लाई कर चुका है। हालांकि फैक्ट्री मैनेजर आनंद ने इन आरोपों को नकारते हुए कहा कि वे सिर्फ भैंस का चमड़ा मंगवाते हैं और यह माल उनका नहीं है।
मैनेजर और मालिक पर हो एफआईआर
बजरंग दल ने कार्यकर्ताओं फैक्ट्री परिसर में डेरा डालते हुए धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। उनकी मुख्य मांगें हैं कि फैक्ट्री के अंदर रखे स्टॉक और ट्रक के माल का तुरंत सैंपल लिया जाए। मैनेजर और मालिक पर एफआईआर दर्ज हो। जांच पूरी होने तक फैक्ट्री को सील किया जाए। इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए इछावर पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंच गए हैं। प्रशासन कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन संगठन के सदस्य जांच रिपोर्ट आने तक वहां से हटने को तैयार नहीं हैं। फिलहाल पुलिस ट्रक को जब्त कर कागजों की पड़ताल कर रही है। मामले में तहसीलदार गजेंद्र सिंह का कहना है कि वेटरनरी की टीम मामले में जांच करेगी।