222 अपराधियों की सलाखों में हुई #रविवार की सुबह…

@सीहोर। शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि जहां आम नागरिक सुकून की नींद सो रहे थे, वहीं जिले के अपराधियों के लिए यह रात काली रात साबित हुई। रातभर पुलिस की दबिश से बेखबर सो रहे शातिर बदमाशों और वारंटियों ने अगली सुबह का सूरज सीधा सलाखों के पीछे से देखा। आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सीहोर पुलिस ने 12-13 सितंबर की दरमियानी रात एक बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के नेतृत्व में चले इस 5 घंटे के विशेष अभियान ने रातभर में जिले के बदमाशों की नींद उड़ा दी।
रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक चले इस धरपकड़ अभियान में जिलेभर के 224 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग टीमों ने 700 से अधिक चिन्हित अपराधियोंए बदमाशों और वारंटियों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
एसपी-एएसपी ने संभाला मोर्चा
अभियान की शुरुआत में एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने थाना कोतवाली और मंडी परिसर में संयुक्त पुलिस बल को ब्रीफ कर सख्त निर्देश दिए। इस दौरान एएसपी डॉ. प्रशांत चौबेए सीएसपी डॉण् अभिनंदन शर्मा और डीएसपी हेमंत पांडेय मौजूद रहे। ब्रीफिंग के बाद आला अधिकारी खुद सडक़ों पर उतरे। एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने दोराहा, श्यामपुर और बिलकिसगंज थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान एसडीओपी पूजा शर्मा उनके साथ रहीं। वहीं एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने अहमदपुर और दोराहा क्षेत्र में मोर्च संभाला। जिले के सभी अनुभाग प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में रातभर कॉम्बिंग गश्त की।

222 वारंटी सलाखों के पीछे
रातभर चले अभियान में पुलिस ने कुल 222 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें लंबे समय से फरार चल रहे 125 स्थाई वारंटी और 97 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। पुलिस टीमों ने 146 चिन्हित अपराधियों, गुंडों और निगरानी बदमाशों के घरों पर पहुंचकर उनकी गतिविधियों की सघन जांच की। गश्त के दौरान थाना बुधनी पुलिस ने 3 आरोपियों को रंगे हाथों पकडक़र उनके कब्जे से 29.86 लीटर देशी व अंग्रेजी शराब जब्त की और आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया।