@सीहोर। अहमदपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम शंकरपुरा करलत पठार क्षेत्र में बीती मध्यरात्रि उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब ग्रामीणों ने करीब 11 फीट लंबा विशालकाय अजगर देखा। खेत में भूसे के ढेर से निकलकर सोयाबीन की फसल में घुसे अजगर को देखकर ग्रामीणों की सांसें अटक गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार शंकरपुरा करलत पठार निवासी गफ्फार भाई के खेत पर बने मकान के पास ग्रामीणों ने भूसे के ढेर में सबसे पहले इस अजगर की आहट पाई। लोगों की मौजूदगी से सतर्क होकर अजगर भूसे से बाहर निकला और पास ही खड़ी सोयाबीन की घनी फसल में छिप गया। देर रात विशालकाय अजगर के दिखने की खबर आसपास के गांवों में आग की तरह फैल गई, जिससे मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।
दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना तत्काल अहमदपुर थाना पुलिस और वन मंडल को दी गई। जब तक जिला मुख्यालय से रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, तब तक ग्रामीणों ने अजगर पर दूर से कड़ी नजर बनाए रखी। अहमदपुर थाने के आरक्षक तेज सिंह, राहुल देवड़ा, भगवान सिंह मालवीय, वन विभाग की टीम और स्थानीय निवासियों ने मिलकर अभियान शुरू किया। रात के अंधेरे और सोयाबीन की ऊंची फसल के बीच 11 फीट लंबे अजगर को काबू में करना रेस्क्यू टीम के लिए काफी चुनौतीपूर्ण था। करीब दो घंटे के कड़े प्रयास और सूझबूझ के बाद अजगर को सुरक्षित बाहर निकालकर विशेष स्नेक बैग में बंद किया गया।
घने जंगल में सुरक्षित छोड़ा जाएगा
सफलतापूर्वक रेस्क्यू के बाद गफ्फार भाई सहित पूरे गांव ने राहत की सांस ली। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दस्तयाब किए गए अजगर को आबादी वाले क्षेत्र से दूर सुरक्षित घने जंगल में छोड़ दिया जाएगा।


