विधायक सुदेश राय ने बांटे हितलाभ…

24 sehore photo 09

सीहोर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में सीहोर जनपद पंचायत परिसर में संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय विशाल शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक सुदेश राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक सुदेश राय ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना ही सुशासन की असली पहचान है। उन्होंने जोर देकर कहा हमारी सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि धरातल पर काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना और संबल योजना जैसी योजनाएं गरीब वर्ग के लिए वरदान साबित हुई हैं। इनसे न केवल सिर पर पक्की छत मिली है, बल्कि नागरिकों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार भी मिला है।
विधायक श्री राय ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक रहें और पात्रता के अनुसार अपना हक प्राप्त करें। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि प्रशासन खुद उन तक पहुंचे।
हितग्राहियों को मिली बड़ी राहत
कार्यक्रम के दौरान विधायक सुदेश राय ने प्रधानमंत्री आवास योजना, संबल योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र और हितलाभ की राशि वितरित की। हितलाभ पाकर ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी देखी गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की सेवाओं को समयबद्ध तरीके से सीधे जनता तक पहुंचाना है।
अभियान की रूपरेखा
उल्लेखनीय है कि संकल्प से समाधान अभियान 12 जनवरी से शुरू होकर 31 मार्च तक चार चरणों में संचालित किया जा रहा है। यह अभियान सुशासन, पारदर्शिता और जनहित में त्वरित समाधान की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है। शिविर में एसडीएम तन्मय वर्मा, जनपद सीईओ नमिता बघेल सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव और बड़ी संख्या में ग्रामीण व हितग्राही उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी विभिन्न स्टालों के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी जनता से साझा की।