सीहोर। देवास-शाजापुर संसदीय क्षेत्र के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी इन दिनों अपने क्षेत्र में सक्रियता को लेकर चर्चाओं में हैं, लेकिन यह चर्चा किसी विकास कार्य को लेकर नहीं बल्कि उनकी गुमशुदगी को लेकर है। सोशल मीडिया पर एक पोस्टर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सांसद सोलंकी के लापता होने का दावा करते हुए तंज कसा गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस पोस्टर में सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी की तस्वीर के साथ लिखा गया है कि क्षेत्र को अपने गुमशुदा सांसद की तलाश है। पोस्ट में आगे लिखा है कि यदि किसी भी व्यक्ति को सांसद महोदय के दर्शन हों तो कृपया जनता को सूचित करें। यह पोस्ट फेसबुक पर साझा की जा रही है।
आष्टा विधानसभा में भी चर्चा
सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी की यह वायरल पोस्ट जिले की आष्टा विधानसभा में भी बड़ी तेजी से वायरल हो रही है। दरअसल, जिले में चार विधानसभा सीट हैं, जिसमें सीहोर, बुदनी, आष्टा और इछावर। यह चारों ही विधानसभा सीटें हैं तीन संसदीय सीटों में समाहित है, जिसमें सीहोर विधानसभा भोपाल लोकसभा में आती है, जबकि बुदनी-इछावर सीट विदिशा में और आष्टा विधानसभा क्षेत्र देवास संसदीय सीट में समाहित है। यही कारण है कि इस वायरल पोस्ट की चर्चा आष्टा में हो रही है।


