सीहोर। शहर में निकलने वाली भव्य कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। आयोजन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश चंदेल ने कुबेरेश्वर धाम और सीवन नदी घाट का मैदानी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहराई से जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।
डीआईजी राजेश चंदेल ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक को सुचारू रखने, वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने और भीड़ प्रबंधन के लिए अधिकारियों को मौके पर ही जरूरी दिशानिर्देश दिए। सीवन नदी घाट पर कांवडिय़ों द्वारा जल भरने के दौरान किसी भी हादसे को रोकने के लिए पुख्ता बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती और एसडीआरएफ टीम की 24 घंटे सतर्कता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए। धाम परिसर के प्रवेश व निकास मार्गोंए श्रद्धालुओं द्वारा जल अर्पित करने की व्यवस्था, वाहनों के लिए पार्किंग स्थलों और सीसीटीवी निगरानी कैमरों की स्थिति का निरीक्षण किया गया।
24 घंटे एक्टिव रहेगा कंट्रोल रूम
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने बताया कि कांवड़ यात्रा के पूरे 11 किलोमीटर लंबे मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए 24 घंटे पुलिस गश्त जारी रहेगी और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।


