Sehore News: सीहोर। बुधनी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध क्रिसेंट रिसॉर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक बेकाबू कार चालक ने जमकर उत्पात मचाया। तेजी व लापरवाही से वाहन चलाते हुए थार कार के चालक ने रिसॉर्ट की पार्किंग में जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में क्रिसेंट को पहुंचाया करीब 50 हजार का नुकसान हुआ है। मामला दर्ज कर पुलिस ने फरार थार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार झारखंड के गिरिडीह निवासी नवीन कुमार उम्र 34 साल जो हाल ही में बुधनी के गोकुल धाम कॉलोनी में किराए से रहते हैं और क्रिसेंट रिसॉर्ट में ऑपरेशन मैनेजर के पद पर पदस्थ हैं, 23 अगस्त की देर रात करीब 11.00 बजे अपनी ड्यूटी पूरी कर घर जाने के लिए अपनी गाड़ी में बैठ ही रहे थे, तभी भोपाल नंबर की एक काले रंग की महिंद्रा थार क्रमांक एमपी 04 एलआर 1173 का चालक अपने वाहन को अत्यधिक तेज और लापरवाही पूर्वक चलाता हुआ आया और सीधे रिसॉर्ट की पार्किंग में चढ़ा दिया।
दीवार, गेट और बैरिकेड्स को नुकसान
मैनेजर नवीन कुमार ने स्थिति को भांपते हुए रिसॉर्ट के अन्य स्टाफ गंगलेश कुमार पटेल, दरबान सिंह और नाजिम खान को तुरंत आवाज दी, लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, थार चालक ने कार से पार्किंग के गार्डन की दीवार को टक्कर मारी। इसके बाद वाहन पार्किंग के निकास द्वार को तोड़ते हुए और वहां लगे बैरिकेड्स को जोरदार टक्कर मारते हुए भोपाल की तरफ तेजी से भाग निकला।
50 हजार का नुकसान
थार चालक के इस उत्पात से रिसॉर्ट की बाउंड्री, गार्डन की दीवार, निकास मार्ग का गेट और बैरिकेड्स पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे रिसॉर्ट प्रबंधन को करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि देर रात हुई इस दुर्घटना में किसी कर्मचारी या राहगीर को चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई। रात अधिक हो जाने के कारण मैनेजर द्वारा सोमवार को थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। बुधनी पुलिस ने मैनेजर की शिकायत पर थार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश तेज कर दी है।


