Sehore News: सीहोर। सावन मास के अवसर पर कल 25 अगस्त को शहर में निकलने वाली भव्य कांवड़ यात्रा और कुबेरेश्वरधाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बड़ा फैसला लिया गया है। शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थान द ऑक्सफोर्ड स्कूल में 25 अगस्त को अवकाश घोषित किया गया है।
स्कूल की डायरेक्टर जोली कूरियन एवं बीना जे. कुरियन ने बताया कि भव्य कांवड़ यात्रा और शहर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 25 अगस्त का अवकाश रखने का निर्णय लिया गया है।
25 अगस्त को सुबह 9 बजे निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा
सावन मास के दौरान सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु कांवड़ लेकर पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में कल 25 अगस्त को सुबह 9 बजे सीवन नदी तट से भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी, जो कुबेरेश्वरधाम पहुंचेगी। यात्रा की सभी तैयारियां विठलेश सेवा समिति और स्थानीय प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गई हैं। देशभर से आ रहे शिवभक्तों के कारण शहर के सभी होटलें फुल हो चुके हैं।
अंतिम सोमवार पर 200 क्विंटल खिचड़ी का भोग
सावन के अंतिम सोमवार पर आज कुबेरेश्वरधाम में श्रद्धालुओं के लिए विशेष भंडारे का आयोजन किया गया है। इस दौरान 200 क्विंटल से अधिक खिचड़ी के साथ-साथ रोटी-सब्जी और फलाहारी प्रसादी का वितरण किया जाएगा।


