सीहोर। शहर के मंडी वर्कशॉप रोड पर निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। 2.79 करोड़ की लागत से तैयार इस उपकेंद्र का लोकार्पण आज किया जाना है, लेकिन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि को लेकर फिलहाल संशय बरकरार है।
दरअसल स्थानीय जनप्रतिनिधियों और उनके समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया पर लोकार्पण कार्यक्रम के पोस्टर और आमंत्रण साझा किए गए हैं। इन पोस्टर्स में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को मुख्य अतिथि के रूप में बताया गया है। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद आलोक शर्मा, कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक सुदेश राय और अतिथि के रूप में विकास प्रिंस राठौर का नाम शामिल है।
दौरा कार्यक्रम जारी नहीं…
एक ओर जहां सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के आने का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन की ओर से अब तक मुख्यमंत्री का कोई आधिकारिक दौरा कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। सरकारी स्तर पर पुष्टि न होने के कारण नागरिक और विभाग के अधिकारी भी इस ऊहापोह में हैं कि मुख्यमंत्री वास्तव में कार्यक्रम में शिरकत करेंगे क्या?
क्षेत्र को मिलेगी लो-वोल्टेज से मुक्ति
बता दें 2.79 करोड़ की भारी-भरकम लागत से बने इस नए विद्युत उपकेंद्र के शुरू होने से मंडी वर्कशॉप रोड और आसपास के क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। लंबे समय से इस क्षेत्र में लो-वोल्टेज और बिजली ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई थी, जिससे अब निजात मिलने की उम्मीद है।


