#सीहोर। गणेश उत्सव की तैयारियों के बीच सीहोर में पंडालों के विद्युत कनेक्शन को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। एक तरफ जहां बिजली कंपनी ने समितियों से अनिवार्य रूप से अस्थाई कनेक्शन लेने की अपील की है, वहीं दूसरी तरफ हिंदुवादी नेता विवेक राठौर ने इसका विरोध करते हुए समितियों से कोई भी रसीद न कटवाने का आह्वान किया है।

हिंदुवादी नेता विवेक राठौर ने अपने सोशल मीडिया फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए गणेश उत्सव समितियों के नाम संदेश जारी किया है। उन्होंने लिखा जिले की समस्त गणेश पंडाल समिति एवं दुर्गा उत्सव समिति को सूचनार्थ है, किसी भी प्रकार की कोई भी विद्युत मंडल की कोई रसीद न कटवाएं। हम हिंदू हैं, हिंदुस्तान हमारा है। त्यौहार के नाम पर विद्युत मंडल कोई उगाही न करे, आपसे आग्रह है।
कंपनी ने सुरक्षा का दिया हवाला
दूसरी ओर बिजली कंपनी ने स्पष्ट किया है कि पंडालों में अवैध रूप से तार जोडक़र बिजली लेने से शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी बड़ी दुर्घटनाओं का खतरा रहता है। कंपनी का कहना है कि सुरक्षा नियमों का पालन कराने और हादसों को रोकने के लिए अस्थाई मीटर कनेक्शन लेना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही बिना कनेक्शन बिजली का इस्तेमाल करने पर जुर्माना या कानूनी केस दर्ज करने की चेतावनी भी दी गई है।
अस्थाई कनेक्शन के लिए प्रक्रिया
बिजली कंपनी के अनुसार जो समितियां वैध कनेक्शन लेना चाहती हैं, उन्हें नजदीकी बिजली ग्रिड जाकर आवेदन देना होगा। इसके लिए समिति का आवेदन पत्र, अध्यक्ष या पदाधिकारी का पहचान पत्र और मान्यता प्राप्त इलेक्ट्रिशियन का वायरिंग सुरक्षा प्रमाण पत्र जमा करना होगा। तय लोड के अनुसार अनुमानित बिजली खपत की अग्रिम राशि जमा करनी होगी। इंसुलेटेड तारों का उपयोगए मीटर और मेन स्विच को बारिश से बचाने के लिए वॉटरप्रूफ शेड लगाना अनिवार्य है। आपात स्थिति के लिए टोल फ्री नंबर 1912 जारी किया गया है।


