सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से बेहतर हों, रेहटी बने नशामुक्त: शिवराज सिंह चौहान

सीहोर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री और विदिशा सांसद शिवराज सिंह चौहान ने रेहटी में लगभग 38 करोड़ रुपए की लागत से बने सांदीपनि विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण और लगभग 7.55 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 50 बिस्तरीय एकीकृत आयुष चिकित्सालय का अवलोकन करते हुए कहा कि ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अपने संबोधन में सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों से बेहतर बनानेए रेहटी को नशामुक्त करने तथा जनसेवा को सबसे बड़ा धर्म मानकर काम करने का संदेश दिया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नए सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण करते हुए उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उनका सपना है कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी निजी स्कूलों से बेहतर शिक्षा और जरूरी सुविधाएं सरकारी स्कूलों में मिलें। उन्होंने कहा कि भवन सुंदर और भव्य बनने के साथ-साथ पढ़ाई का स्तर भी उच्च होना चाहिए। शिक्षकों से आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि वे पूरे समर्पण और लगन के साथ बच्चों का भविष्य गढ़ें, ताकि यहां के विद्यार्थी हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और दुनिया में अपने क्षेत्र का नाम रोशन करें।
श्री चौहान ने कहा कि पहले गांवों में अच्छे स्कूलों के अभाव में होनहार बच्चे भी आगे नहीं बढ़ पाते थे, जबकि निजी स्कूलों की भारी फीस हर परिवार के लिए संभव नहीं थी। इसी सोच के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए सीएम राइज स्कूलों की परिकल्पना की थी, जिन्हें अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सांदीपनि विद्यालय नाम दिया है। उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों में प्रयोगशालाएं, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लासरूम, खेल का मैदान और संगीत व नृत्य कक्षाओं जैसी सुविधाओं के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया गया है। उनकी कल्पना है कि आसपास के गांवों के बच्चे स्कूल बसों से यहां आएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल कर अपने सपनों को साकार करें।

नशामुक्त रेहटी का संकल्प
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए केंद्रीय मंत्री ने उन्हें खूब पढऩे, आगे बढऩे और माता-पिता का नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि नशा नाश की जड़ है। रेहटी को नशामुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे स्वयं कभी नशा न करें और परिवार में भी कोई नशा करता हैए तो उसे इसके दुष्परिणाम समझाएं। अच्छी शिक्षा और मेहनत को जीवन का आधार बनाने का संदेश देते हुए उन्होंने बच्चों को संकल्प दिलाया कि वे मन लगाकर पढ़ेंगे, नशे से दूर रहेंगे और गलत कार्यों से बचकर जीवन में आगे बढ़ेंगे। श्री चौहान ने कहा कि मामा जनता का सेवक है और जनता की सेवा ही उनके लिए भगवान की पूजा है। रामायण की चौपाई परहित सरिस धर्म नहीं भाई, पर पीड़ा सम नहीं अधमाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दूसरों का भला करने से बड़ा कोई धर्म नहीं और किसी को कष्ट पहुंचाने से बड़ा कोई पाप नहीं है। हमें एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए और किसी को परेशान नहीं करना चाहिए।
50 बिस्तरीय आयुष चिकित्सालय में ओपीडी शुरू
केंद्रीय मंत्री ने रेहटी में लगभग 7.55 करोड़ रुपए की लागत से बने 50 बिस्तरीय एकीकृत आयुष चिकित्सालय का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इस चिकित्सालय का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी जैसी प्राचीन चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यहां ओपीडी प्रारंभ की जा रही है, जहां मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ दवाइयां भी दी जाएंगी। उन्होंने संबंधित मंत्री और अधिकारियों से चर्चा कर अस्पताल में आवश्यक पदों की स्वीकृति, स्टाफ की व्यवस्था और शेष सुविधाओं को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अस्पताल में प्रसव कक्ष, आपातकालीन चिकित्सा और 50 बिस्तरों की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि इतने भव्य भवन और सुविधाओं का लाभ क्षेत्र की जनता को मिलना चाहिए। इसके लिए अस्पताल का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि आसपास के क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोग इन सेवाओं का लाभ उठा सकेंए और शेष व्यवस्थाएं पूर्ण कराने में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।