#Sehore, सीहोर। जिले के ग्राम कोसमी में वन विभाग और वन विकास निगम की कार्रवाई ने आदिवासियों के सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संसदीय क्षेत्र में आने वाले इस गांव में आदिवासियों के मकान तोड़े जा रहे हैं और उनके खेतों में खड़ी मक्का की फसल को भी नष्ट कर दिया गया है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि केंद्रीय मंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद यह कार्रवाई कैसे जारी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कोसमी में बरेला समुदाय के आदिवासी परिवार लंबे समय से निवास कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार हाल ही में वन विकास निगम की टीम ने यहां भारी अमले के साथ पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कई कच्चे-पक्के मकानों को गिराए जाने की बात सामने आई है, जिससे दर्जनों लोग अचानक बेघर होने की कगार पर पहुंच गए हैं। इतना ही नहीं, आदिवासियों की आजीविका का मुख्य साधन बनी खेतों की मक्का की फसल को भी तहस-नहस कर दिया गया, जिससे इन गरीब परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट भी पैदा हो गया है।
शिवराज सिंह चौहान के निर्देश भी बेअसर
यह पूरा घटनाक्रम राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि ग्राम कोसमी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संसदीय क्षेत्र विदिशा और उनके पुराने विधानसभा क्षेत्र बुधनी के अंतर्गत आता है। जानकारी के मुताबिक इस मामले की भनक लगते ही केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिला प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों से फोन पर बातचीत की थी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि आदिवासियों के घर न तोड़े जाएं। बावजूद इसके मैदानी स्तर पर कार्रवाई जारी रहने के आरोप लग रहे हैं, जिससे यह सवाल खड़ा होता है कि क्या स्थानीय प्रशासन और वन विभाग के अधिकारी केंद्रीय मंत्री के आदेशों को भी नजरअंदाज कर रहे हैं।
कांग्रेस ने साधा निशाना, कार्रवाई की मांग
इस पूरी घटना के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बुधनी विधानसभा क्षेत्र में आदिवासियों को घरों से बेदखल किए जाने की कड़ी शब्दों में निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासियों पर अत्याचार करना मोहन सरकार की आदत बन चुकी है। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह क्षेत्र में आदिवासियों पर इस तरह की कार्रवाई की जा रही है और उनके आशियाने उजाड़े जा रहे हैं। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।


