शहरवासी बोले, बड़ी सौगात है, भव्य आयोजन तो बनता है विधायक जी…

सीहोर। शहरवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी और राहत भरी खबर है। पुराने इंदौर-भोपाल मार्ग पर स्थित बहुप्रतीक्षित हाउसिंग बोर्ड रेलवे ओवरब्रिज बनकर पूरी तरह तैयार हो गया है और इस पर यातायात भी शुरू हो चुका है। इसी के साथ रेलवे प्रशासन ने एक बड़ा आदेश जारी करते हुए साफ कर दिया है कि आगामी 16 नवंबर से समपार फाटक क्रमांक-104 हाउसिंग बोर्ड रेलवे फाटक को सडक़ यातायात के लिए स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा। यानी अब इस व्यस्ततम मार्ग पर ट्रेन गुजरने के दौरान लगने वाले लंबे जाम और फाटक खुलने के उबाऊ इंतजार से शहरवासियों को हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।
रेलवे ने इस संबंध में जिला कलेक्टर, कोतवाली पुलिस सहित सभी संबंधित विभागों को बाकायदा आधिकारिक पत्र भेजकर सूचित कर दिया है। रेलवे के निर्देशानुसार 16 नवंबर के बाद नीचे बने फाटक से आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और वाहन चालक अब नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज के ऊपर से या वैकल्पिक मार्गों से अपनी आवाजाही करेंगे।
ढाई साल तक झेली धूल, कीचड़ और गड्ढों की मार
गौरतलब है कि पुराने इंदौर-भोपाल रोड पर स्थित हाउसिंग बोर्ड फटक और फंदा फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जनवरी 2024 में शुरू हुआ था। पिछले करीब ढाई वर्षों से निर्माण कार्य के चलते स्थानीय रहवासियों, राहगीरों और व्यापारियों ने धूल, कीचड़, गड्ढों और संकरे रास्तों की भारी परेशानी झेली है। बारिश के दिनों में तो यहां से निकलना किसी चुनौती से कम नहीं होता था। अब ब्रिज के शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।


किरकिरा हुआ मजा, भव्य समारोह की मांग
इस बड़ी उपलब्धि को लेकर शहरवासियों में उत्साह तो है, लेकिन एक कसक भी साफ नजर आ रही है। नागरिकों का कहना है कि विधायक सुदेश राय के अथक प्रयासों से शहर को यह ऐतिहासिक और बड़ी सौगात मिली है, जिसने शहर की तस्वीर बदल दी है। हालांकि लोगों का कहना है कि बिना किसी औपचारिक कार्यक्रम के सीधे ट्रैफिक शुरू हो जाने से लोकार्पण का उत्साह कुछ फीका पड़ गया है। शहरवासियों की मांग है कि जब विधायक सुदेश राय के प्रयासों से इतनी बड़ी सौगात मिली है तो इसका भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया जाना चाहिए।