मिनी बिहार बनने को तैयार सीवन नदी घाट, छठी मैया के गीतों और सुंदरकांड की गूंज के साथ आज से चार दिवसीय महापर्व शुरू

सीहोर। लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति प्रेम के महापर्व छठ पूजा की छटा अब सीहोर की फिजाओं में भी घुलने लगी है। शहर में निवासरत भोजपुरी समाज के उत्साह के चलते शहर सीवन नदी घाट आज से मिनी बिहार की तरह नजर आने लगेगा। आज शुक्रवार नवंबर को पारंपरिक नहाय-खाय के साथ इस चार दिवसीय कठिन और पावन अनुष्ठान का श्रीगणेश हो गया है।
भोजपुरी समाज के मीडिया प्रभारी राकेश कुमार झा ने पर्व की जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ व्रत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस दिन व्रती महिलाएं और पुरुष पवित्र स्नान के बाद पारंपरिक रूप से लौकी की सब्जी और अरवा चावल का सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं।
शनिवार को खरना के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का बेहद कठिन निर्जला व्रत प्रारंभ हो जाएगा। इस दौरान व्रती जल की एक बूंद भी ग्रहण नहीं करते। 15 नवंबर की शाम अस्ताचलगामी डूबते सूर्य को और सोमवार 16 नवंबर की सुबह उदयाचलगामी उगते सूर्य को अघ्र्य देने के साथ इस महापर्व का विधिवत समापन होगा।
महिला घाट पर सजेगी भजन संध्या और गूंजेगा सुंदरकांड
मुख्य आयोजन 15 और 16 नवंबर को सीवन नदी के महिला घाट पर होगा, जहां पूर्वांचल की लोक संस्कृति जीवंत हो उठेगी। भक्ति के इस माहौल को और अधिक अलौकिक बनाने के लिए घाट पर अंकुर न्यूज एजेंसी के सौजन्य से विशेष भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कलाकार छठी मैया के पारंपरिक और मनमोहक लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही रात्रि 9 बजे से घाट पर ही संगीतमय सुंदरकांड पाठ भी आयोजित किया जाएगा, जिससे पूरा नदी तट भक्तिमय हो उठेगा।