सीहोर। ग्राम महोडिय़ा में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के जिला स्तरीय शिविर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक गलियारों को गरमा दिया है। कार्यक्रम के दौरान गांव की महिलाएं अपने क्षेत्र में संचालित शराब ठेके को हटाने की गुहार लेकर प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के पास पहुंची थीं, लेकिन मंत्री ने समस्या सुनने के बजाय महिला को ही उसके पति को थाने में बंद करवाने की धमकी दे डाली।
इस घटना के सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी ने आक्रामक रुख अपना लिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने राजस्व मंत्री के इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये पर कड़ी आपत्ति जताते हुए सरकार और मंत्री पर जोरदार हमला बोला है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने साधा निशाना
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के इस वायरल रवैये पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों का अहंकार अब सातवें आसमान पर पहुंच चुका है। गुजराती ने कहा कि माननीय राजस्व मंत्री जी महिलाओं ने महोडिय़ा गांव के शराब के ठेकों को बंद करने की बात की थी न कि उनके पति को थाने में बंद करवाने की। यह बेहद शर्मनाक है कि जब जनता अपनी पीड़ा लेकर सरकार के मंत्रियों के पास जाती है तो उन्हें न्याय देने के बजाय डराया-धमकाया जाता है। भारतीय जनता पार्टी का यह अहंकार अब सिर चढक़र बोल रहा है, जिसे आने वाले समय में सीहोर की जनता और प्रदेश की जनता करारा जवाब देकर तोड़ेगी।
क्या है पूरा मामला
ग्राम महोडिय़ा की महिलाएं अपने गांव में चल रही शराब दुकान से बेहद त्रस्त हैं। महिलाओं का कहना है कि शराब के चलते गांव का महौल खराब हो रहा है, आए दिन झगड़े होते हैं और कई परिवारों की गृहस्थी बर्बाद हो रही है। इसी समस्या के स्थायी समाधान और गांव से शराब ठेका हटाने की उम्मीद लेकर महिलाएं जनविश्वास अभियान के शिविर में पहुंची थीं।
शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को सुनकर उनका मौके पर निराकरण करना था और इस कार्यक्रम में आला अधिकारी मौजूद थे। लेकिन जब महिलाओं ने अपनी फरियाद मंत्री के सामने रखी, तो राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा गुस्से में आ गए और कथित तौर पर महिला से यह कह दिया कि वह उसके पति को थाने में बंद करवा देंगे।


