सीहोर। शहर की जीवनदायिनी सीवन नदी को साफ और सुरक्षित रखने के लिए चल रहे अभियान के तहत रविवार को महिला घाट पर पूजन सामग्री पात्र महोत्सव आयोजित किया गया। इस मौके पर स्वर्गीय मांगीलाल श्रीवास्तव की याद में उनकी पत्नी बसंती देवी श्रीवास्तव ने दो पूजन सामग्री पात्र लगवाए। अपने पति की याद में रखे गए इन पात्रों को देखकर वह भावुक हो गईं। वहीं समाजसेवी भारत गुप्ता ने सीवन संरक्षण अभियान के लिए 51 हजार रुपए की मदद दी।
सीवन नदी की सफाई और सुरक्षा को लेकर सीवन पुत्र-पुत्री टीम लगातार लोगों को जागरूक कर रही है। पिछले 11 महीनों से चल रहे इस अभियान के तहत नदी किनारे अब तक कुल पांच पूजन सामग्री पात्र रखे जा चुके हैं, ताकि लोग पूजा की सामग्री नदी में सीधे बहाने के बजाय इन पात्रों में डालें। कार्यक्रम की शुरुआत मां सीवन की पूजा-अर्चना और आरती से हुई। बसंती देवी श्रीवास्तव, उनके परिवार के सदस्यों, शहर के गणमान्य लोगों और टीम के सदस्यों ने नदी को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके बाद बसंती देवी श्रीवास्तव, विष्णु श्रीवास्तव, डॉ. अशोक श्रीवास्तव, सुनील शर्मा और शैलेंद्र श्रीवास्तव ने फीता काटकर दोनों पात्रों का लोकार्पण किया।
जनआंदोलन बन रहा सीवन अभियान
समारोह में पहुंचे अतिथियों ने टीम के काम की खूब तारीफ की। डॉ. अशोक जायसवाल ने इसे पर्यावरण बचाने की अच्छी पहल बताया। समाजसेवी भारत गुप्ता ने कहा कि यह अभियान नदी बचाने की एक क्रांति है और लोगों की भागीदारी से ही नदियां साफ रह सकती हैं। शैलेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि यह अभियान सीवन नदी के लिए वरदान बन रहा है और सीहोर से शुरू हुई यह पहल दूसरों के लिए भी मिसाल है। समाजसेवी सुनील शर्मा ने भी अभियान से जुड़े लोगों की निस्वार्थ सेवा की सराहना करते हुए कहा कि इससे समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
सुबह से ही सफाई में जुटे रहे कार्यकर्ता
कार्यक्रम शुरू होने से पहले रविवार सुबह मुकेश राय, प्रदीप चावड़ा और योगेंद्र राय समेत कई कार्यकर्ता महिला घाट पहुंचे और नदी किनारे सफाई अभियान चलाया। इस दौरान घाट की सफाई कर लोगों को नदी में कचरा और पूजन सामग्री न डालने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत सीवन पुत्री ललिता कुशवाह, ज्योति चावड़ा और सीवन पुत्र प्रदीप साबू, वीरेंद्र सिंह बिसौरिया, अशोक नामदेव, राधेश्याम मकवाना, प्रकाश यादव, मुकेश राय, योगेंद्र राय, कनीराम मालवीय, सुरेश भगत व मुकेश कुशवाह सहित अन्य सदस्यों ने किया।


