नर्मदा तटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब…

18 sehore photo 04

सीहोर। चैत्र मास की भूतड़ी अमावस्या के अवसर पर आज जिले के नर्मदा तटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। विशेषकर प्रसिद्ध आंवली घाट पर तडक़े सुबह से ही लाखों श्रद्धालुओं ने नर्मदे हर के जयघोष के साथ पावन जल में डुबकी जा रही है। जिला प्रशासन और पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच श्रद्धालु भक्ति और श्रद्धा के साथ स्नान और दान-पुण्य कर रहे हैं।
नर्मदा के उत्तरी तट पर स्थित आंवली घाट का आध्यात्मिक और तांत्रिक महत्व देश भर में है। लोक मान्यता है कि भूतड़ी अमावस्या के दिन नर्मदा स्नान करने से मानसिक कष्टों और नकारात्मक शक्तियों प्रेत बाधा से मुक्ति मिलती है। यही कारण है कि यहां मध्य प्रदेश के साथ-साथ महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। श्रद्धालु अपनी शुद्धि के साथ-साथ पूर्वजों के तर्पण के लिए भी यहां विशेष अनुष्ठान कर रहे हैं।
भक्तिमय हुआ वातावरण
अमावस्या की मध्यरात्रि से ही घाटों पर चहल-पहल शुरू हो गई थी। जल में दीपदान और धूप-कपूर की खुशबू के बीच पूरा तट भक्ति के रंग में डूबा नजर आया। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद अपनी मन्नतें पूरी होने पर गरीबों को दान दिया और कुल देवताओं की पूजा-अर्चना की।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
निगरानी: पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
टीम तैनात: अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत के नेतृत्व में पुलिस बल, होमगार्ड और ग्राम रक्षा समिति के सदस्य हर पॉइंट पर तैनात हैं।
बचाव दल: गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए गोताखोरों की टीमें घाटों पर तैनात की गई हैं।