दो दिन की मशक्कत के बाद जमोनिया तालाब से मिला युवक का शव

29 sehore photo 04

सीहोर। मंडी क्षेत्र से दो दिन पहले लापता हुए 18 वर्षीय युवक आर्यन सूर्यवंशी का शव रविवार सुबह जमोनिया तालाब से बरामद कर लिया गया है। युवक की तलाश में पिछले 48 घंटों से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था, लेकिन रविवार की सुबह तालाब के पानी में शव उतराता हुआ मिला, जिसके बाद क्षेत्र में मातम पसर गया है।
जानकारी के अनुसार मंडी निवासी आर्यन सूर्यवंशी शुक्रवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ जमोनिया तालाब पर नहाने के लिए गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी की चपेट में आ गया और अचानक डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया और शोर मचाया, लेकिन देखते ही देखते आर्यन गहरे पानी में समा गया।
48 घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई थी। शुक्रवार शाम और पूरे शनिवार को तालाब में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन पानी अधिक होने और अंधेरे के कारण सफलता नहीं मिल सकी थी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पिछले दो दिनों से आर्यन के परिजन तालाब के किनारे ही टकटकी लगाए बैठे थे। उन्हें उम्मीद थी कि शायद कोई चमत्कार हो जाए, लेकिन रविवार सुबह जैसे ही शव मिलने की खबर आई, परिवार के सब्र का बांध टूट गया। आर्यन की असमय मौत से पूरे मंडी क्षेत्र में शोक की लहर है।