Sehore News: सीहोर। जिले में गौवंश की हत्याए अवैध परिवहन और गौ चमड़े के काले कारोबार को लेकर हिंदू संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा है। विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्टर बालागुरू के. को ज्ञापन सौंपते हुए प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। संगठनों का आरोप है कि 8 दिन पहले कांकडख़ेड़ा स्थित अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री में गौ वंश के चमड़े से भरा ट्रक पकड़े जाने के बावजूद अब तक प्रशासन की कार्रवाई शून्य है।
विहिप के मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ नैतिक शिक्षा प्रमुख सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में कलेक्टर को सौंपे गए मांग पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि गौ माता के हत्यारों और चमड़े के अवैध व्यापारियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून की धारा लगाई जाए। विहिप ने मांग की है कि जिस तरह अन्य जघन्य अपराधों में प्रशासन बुलडोजर चलाता है, उसी तर्ज पर गौ तस्करों और अवैध मांस व्यापारियों के मकानों व दुकानों को जमींदोज किया जाए।
अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री का संचालन जारी
विहिप-बजरंग दल ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि 27 अप्रैल को कांकडख़ेड़ा स्थित अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री में गौ चमड़े के अवैध व्यापार का खुलासा हुआ था। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी फैक्ट्री संचालक के विरुद्ध कोई ठोस प्रतिबंधात्मक कार्रवाई नहीं की गई। फैक्ट्री आज भी धड़ल्ले से चल रही है और जिस हिस्से में चमड़ा मिला था, उसे सील तक नहीं किया गया है।
8 दिन का समय, फिर होगा बड़ा आंदोलन
विहिप और बजरंग दल ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि 8 दिनों के भीतर अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री को बंद नहीं किया गया और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो विहिप बजरंग दल स्वयं बड़ा एक्शन लेने को मजबूर होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान विहिप के प्रांत प्रमुख गोपाल राठी, प्रांत गौरक्षा उपाध्यक्ष अजीत शुक्ला, प्रांत सत्संग दल टोली सदस्य विवेक राठौर, विभाग संगठन मंत्री भानू सिंह राजपूत, विभाग सहमंत्री मोहन भाटी, जिला अध्यक्ष रेवाशंकर जाट, जिला सहमंत्री कमलेश कुकुंदा, जिला संयोजक प्रभात मेवाड़ा और जिला धर्म प्रचार प्रसार प्रमुख जगदीश कुशवाह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


