अरोरा के नेतृत्व में सजा ‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव…

#Sehore, सीहोर। प्रधानमंत्री #नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर बुधवार को शहर भक्ति, उत्साह और रोशनी से सराबोर हो उठा। देशव्यापी आह्वान के तहत भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा के मार्गदर्शन व नेतृत्व में शहर में आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान शहर के चार प्रमुख स्थानों पर 1100 से अधिक दीये एक साथ प्रज्ज्वलित किए गए, जिनकी रोशनी से शहर जगमगा उठा।
भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा की अगुवाई में यह विशेष आयोजन बाल विहार मैदान, तहसील चौराहे स्थित प्राचीन महादेव मंदिर, अटल चौराहा और बस स्टैंड स्थित निजी निवास पर एक साथ आयोजित हुआ। शाम होते ही इन चारों स्थानों पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक एकत्रित हुए। सामूहिक रूप से 1100 से अधिक दीपक जलाकर प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु और तेजस्वी नेतृत्व की कामना की गई। दीप प्रज्ज्वलन के उपरांत उपस्थित जनसमूह के बीच मिठाइयां बांटकर खुशियां मनाई गईं।
स्वर्णिम दौर से गुजर रहा देश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन पूरे देश के लिए एक उत्सव है। उनके कुशल नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूलमंत्र पर चलते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
अरोरा ने कहा कि सीहोर में बुधवार को 1100 से अधिक आशीर्वाद के दीये जलाकर पीएम मोदी के प्रति जन स्नेह प्रकट किया गया है। उन्होंने घोषणा की कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आगामी एक महीने तक जिले भर में स्वच्छता, पौधरोपण, स्वास्थ्य शिविर और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न सेवा कार्य चलाए जाएंगे। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने-अपने घरों में भी आशीर्वाद का दीया जलाकर इस सेवा पखवाड़े में अपनी सहभागिता दर्ज कराएं।