सीहोर। वर्षा ऋतु के दौरान जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक जलप्रपातों पर होने वाले संभावित हादसों को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। नागरिकों और सैलानियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर बालागुरू के. ने प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है।
इस आदेश के तहत बुधनी ब्लॉक के सुप्रसिद्ध अमरगढ़ वॉटरफॉल, दिगंबर वॉटरफॉल और इछावर ब्लॉक के कालियादेव वॉटरफॉल पर आम नागरिकों और पर्यटकों के आने-जाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। यह प्रतिबंध 31 अगस्त तक पूरे दो महीने प्रभावी रहेगा।
क्यों लगाया गया प्रतिबंध
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार मानसून के दौरान इन प्राकृतिक झरनों और नदी-नालों में अचानक जलस्तर बढऩे, पानी का बहाव तेज होने, चट्टानों पर फिसलन होने और अन्य प्राकृतिक जोखिमों के कारण हर साल हादसों का खतरा बना रहता है। इन दुर्गम क्षेत्रों में किसी भी अप्रिय घटना या जनहानि की आशंका को देखते हुए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है।
इन गतिविधियों पर रहेगी पूरी तरह रोक
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रतिबंध की अवधि के दौरान कोई भी व्यक्ति अमरगढ़, कालियादेव और दिगंबर वॉटरफॉल के दायरे में प्रवेश नहीं कर सकेगा। वॉटरफॉल के गहरे पानी में उतरने, नहाने और चट्टानों पर जाकर खतरनाक तरीके से सेल्फी या रील बनाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। इन पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले रास्तों पर निजी वाहनों को भी पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।
बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश
कलेक्टर ने पुलिस, राजस्व और वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस प्रतिबंध का जमीन पर कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। वॉटरफॉल्स की तरफ जाने वाले रास्तों और संवेदनशील डेंजर जोन पर तत्काल मजबूत बैरिकेडिंग की जाए। साथ ही पर्यटकों को सचेत करने के लिए बड़े-बड़े चेतावनी और सूचना बोर्ड लगाए जाएं, ताकि कोई अज्ञानता में वहां न पहुंचे।
नियमों का पालन करें
कलेक्टर बालागुरू के. ने आम जनता और विशेषकर युवाओं से भावुक अपील की है कि वे रोमांच के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें। वर्षा ऋतु में थोड़ी सी भी असावधानी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पूरी तरह पालन करें और प्रतिबंधित क्षेत्रों से दूर रहें। आदेश की अवहेलना या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


