सीहोर में झमाझम बारिश का दौर जारी, सुबह 11.30 बजे से हो रही बरसात

07 sehore photo 04

Sehore News: सीहोर। जिले में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है और झमाझम बारिश का दौर लगातार जारी है। मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे से ही जिला मुख्यालय हिस्सों में तेज बरसात शुरू हो गई, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया। जिला भू.अभिलेख शाखा से मिले आंकड़ों के मुताबिक जिले में पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 1.57 इंच बारिश दर्ज की गई है। इसके साथ ही 1 जून से लेकर 7 जुलाई तक जिले में कुल औसत वर्षा का आंकड़ा 12.68 इंच तक पहुंच गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान जिले के जावर और आष्टा क्षेत्रों में सबसे तेज बारिश रिकॉर्ड की गई है। जावर में 2.72 इंच और आष्टा में 2.28 इंच पानी गिरा। इसके अलावा रेहटी में भी 2.14 इंच वर्षा दर्ज की गई, जिससे नदी-नाले उफान पर आ गए हैं।
सीहोर मुख्यालय पर 1.74 इंच बारिश हुई, जिससे कुल वर्षा 10.81 इंच हो गई है। श्यामपुर में 0.75 इंच बारिश दर्ज की गई और कुल वर्षा 7.39 इंच है। इछावर में 0.98 इंच बारिश के साथ कुल वर्षा 13.54 इंच तक पहुंच गई है। आष्टा में 2.28 इंच बारिश के बाद सीजन की कुल वर्षा 18.03 इंच हो गई है, जो जिले में सर्वाधिक है। जावर में 2.72 इंच बारिश के साथ कुल आंकड़ा 15.46 इंच दर्ज किया गया है। भैरूंदा में 0.59 इंच और बुधनी में 1.38 इंच बारिश हुई, जिससे इनकी कुल वर्षा क्रमश: 15.04 इंच और 9.76 इंच हो गई है। रेहटी में 2.14 इंच बारिश के बाद कुल आंकड़ा 11.36 इंच है।
पिछले साल के मुकाबले इस बार बेहतर स्थिति
मौसम विभाग और भू अभिलेख के आंकड़ों की तुलना करें तो इस साल अब तक पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक पानी गिर चुका है। गत वर्ष आज ही के दिन 7 जुलाई तक जिले में कुल वर्षा 293.5 मिमी दर्ज की गई थी, जबकि इस साल अब तक 322.0 मिमी बारिश हो चुकी है।
किसानों के चेहरे खिले
लगातार हो रही इस मानसूनी बारिश से जिले के अन्नदाताओं के चेहरे खिल गए हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह बारिश सोयाबीन, मक्का और धान जैसी खरीफ की फसलों के लिए बेहद फायदेमंद है। जिन किसानों ने हाल ही में बोनी की थी, उनकी फसलों को इस पानी से नया जीवनदान मिलेगा और फसलों की ग्रोथ अच्छी होगी।