सीहोर। सोमवार को नगर पालिका परिषद के साधारण सम्मेलन में शहर के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ शहर के सौंदर्यीकरण और सूचना प्रसारण की नई तकनीक पर विस्तार से चर्चा की गई।
सम्मेलन की मुख्य बात शहर के प्रमुख स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाने का प्रस्ताव रहा। नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने बताया कि सूचना प्रसारण की नई व्यवस्था के तहत नया बस स्टैंड, नदी चौराहा, भोपाल नाका, तहसील चौराहा, गणेश मंदिर और मंडी क्षेत्र जैसे प्रमुख स्थानों पर ये स्क्रीन लगेंगी। योजना के तहत 10.6 फीट की चार और 12.8 फीट की दो बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इन स्क्रीन पर आमजन समाचार देख सकेंगे और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। आपात स्थिति में जरूरी घोषणाएं भी इन्हीं के जरिए तुरंत प्रसारित की जा सकेंगी। स्थानीय छोटे और मध्यम व्यवसायी तय शुल्क देकर इन स्क्रीन पर अपने प्रतिष्ठानों का विज्ञापन कर सकेंगे, जिससे नगर पालिका की आय भी बढ़ेगी।
बुनियादी विकास पर दिया जोर
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करीब 500 नए हितग्राहियों के आवेदनों को स्वीकृति के लिए भेजने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा शहर के विभिन्न वार्डों में सडक़ों का जाल बिछाने और नालियों के निर्माण पर सहमति बनी। पेयजल पाइप लाइन विस्तार के कार्यों को प्राथमिकता दी गई। आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए शहरवासियों को निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
यातायात का रखा जाएगा ध्यान
नपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि ये स्क्रीन 12 फीट से अधिक ऊंचाई पर लगाई जाएंगी ताकि यातायात में कोई बाधा न हो और दूर से भी साफ दिखाई दें।


