सीहोर की प्रशासनिक व्यवस्थाओं से नाखुश हैं शिवराज, अफसरों को दी चेतावनी

21 sehore photo 08

Sehore News: सीहोर। जिले की प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान नाखुश नजर आ रहे हैं। रविवार को इछावर के आजाद चौक में आयोजित लोककल्याण शिविर के मंच से एक बार फिर अफसरों के खिलाफ उनका गुस्सा खुलकर सामने आया। केंद्रीय मंत्री ने मंच से ही अधिकारियों को चेतावनी दी कि वे अपनी कार्यप्रणाली सुधारें और पॉजिटिव माइंडसेट के साथ जनता के काम करें। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी मंशा पर पलीता लगाने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।
बता दें यह पहला मौका नहीं है जब शिवराज सिंह चौहान सीहोर के प्रशासनिक तंत्र से नाराज हुए हों। बता दें कि महज दो महीने पहले आयोजित हुई दिशा की बैठक में भी केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों की सुस्त और गैर-जिम्मेदाराना कार्यप्रणाली पर जमकर नाराजगी जताई थी। इसी बैठक के दौरान जिले के विधायकों ने भी शिकायत दर्ज कराई थी अफसरों द्वारा उनके फोन नहीं उठाए जाते।
पात्र लोगों के नाम काटने पर बिफरे केंद्रीय मंत्री
इछावर के शिविर में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा मुझे लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि गरीब और पात्र लोगों के नाम किसी न किसी बहाने से सरकारी योजनाओं की सूची से काट दिए जा रहे हैं। अब ऐसा बिल्कुल नहीं चलेगा। एक-एक आवेदन की ठीक से दोबारा जांच होगी। किसी भी गरीब का हक मारने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
21 हजार नए आवास और 36 ग्रामीण सडक़ों का ऐलान
प्रशासन को अल्टीमेटम देने के साथ ही केंद्रीय मंत्री ने क्षेत्र की जनता को विकास कार्यों की बड़ी सौगातें भी दीं उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में लगभग 21 हजार लोगों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। वर्तमान में इनका भौतिक सत्यापन चल रहा है। प्रक्रिया पूरी होते ही सभी कच्चे मकान वालों को पक्का मकान बनाने के लिए राशि सीधे बैंक खातों में स्वीकृत कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इछावर क्षेत्र के जो छोटे-छोटे गांव अब तक मुख्य सडक़ों से नहीं जुड़ पाए थेए उनके लिए 36 नई सडक़ों के स्वीकृति पत्र सौंपे गए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा।