सीवन नदी का कायाकल्प या भ्रष्टाचार का महाकल्प?

25 sehore photo 09

सीहोर। 3.79 करोड़ रुपये के सीवन नदी पिचिंग कार्य स्थल पर पहुंचकर जब देखा गया कि जो पिचिंग कार्य किया गया है, वह मात्र हाथ लगाने से ही बिखर रहा है। मौके पर मौजूद कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती, नेता प्रतिपक्ष विवेक राठौर, नगर अध्यक्ष घनश्याम यादव कार्यकर्ताओं के साथ सीवन नदी पहुंचे जहाँ पर देखा कि करोड़ों रुपये की लागत से सीवन नदी के कायाकल्प का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। इस पर राजीव गुजराती ने कहा कि जहां मजबूत निर्माण होना चाहिए था, वहां पत्थर हाथ लगाने से ही उखड़ रहे हैं। नीचे मिट्टी और मुरम, ऊपर सीमेंट की सिर्फ एक पतली परत—क्या यही है विकास का मॉडल? जनता के टैक्स के पैसों से हो रहे इस कार्य में यदि गुणवत्ता की जगह खानापूर्ति और भ्रष्टाचार हुआ है, तो यह सीधे-सीधे जनता की गाढ़ी कमाई और विश्वास के साथ खिलवाड़ है।
कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि कलेक्टर, सांसद, विधायक एवं नगर पालिका अध्यक्ष स्वयं सीवन नदी में उतरकर निर्माण कार्य का निरीक्षण करें और देखें कि जनता के 3.79 करोड़ रुपये के कार्य में किस प्रकार की गुणवत्ता अपनाई गई है। यदि कहीं भी भ्रष्टाचार या अनियमितता पाई जाती है, तो उसे जनता के सामने लाया जाए। साथ ही कांग्रेस पार्टी यह भी मांग करती है कि पूरे निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में भ्रष्टाचार और अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित ठेकेदार को तत्काल ब्लैकलिस्ट किया जाए, नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा जनता के पैसे की एक-एक पाई की वसूली सुनिश्चित की जाए। सीवन नदी का कायाकल्प चाहिए, भ्रष्टाचार का नहीं। जनता जवाब भी मांग रही है और कार्रवाई भी।
नेता प्रतिपक्ष विवेक राठौर ने कहा कि रिटर्निंग वाल निर्माण के नाम पर केवल लीपा पौती की जा रही है, हाल ही में सीवन नदी का गहरीकरण कार्य हुआ था वह पूरा का पूरा मालवा साइड में डला हुआ है, उसी मलवे को उठाकर बाउंड्री बनाई जा रही है, जिसको मामूली सिमेंट, चुरी व पत्थर से ढक दिया गया है, उक्त मामले की त्वरित निष्पक्ष जाच हो। इस अवसर पर घनश्याम यादव, प्रीतम दयाल चौरसिया, रमेश गुप्ता, सुनील दुबे, के.के.रिछारिया, विनीत गोयल, तनिष्क त्यागी, शुभम त्यागी, जितेन्द्र परमार, अरबाज खान आदि मौजूद रहे।