Sehore News: सीहोर। जिले के शिक्षा विभाग के गलियारों में इन दिनों एक ‘ठंडी हवा’ का झोंका खूब सुर्खियां बटोर रहा है। चर्चा है कि शिक्षा के मंदिर के एक रसूखदार ‘साहब’ ने अपनी वरिष्ठ ‘मैडम’ के आशियाने को इस भीषण गर्मी में पूरी तरह चिल करने का बीड़ा उठाया है। साहब ने ऐसी दरियादिली दिखाई कि मैडम के घर एक-दो नहीं, बल्कि पूरे तीन-तीन एयर कंडीशनर लगवा दिए। अब हॉल हो या बेडरूम, मैडम का घर शिमला बना हुआ है।
लेकिन साहब की इस ‘ठंडी सर्विस’ के पीछे का गणित बड़ा दिलचस्प है। कानाफूसी है कि साहब विभाग की ही एक अन्य महिला अधिकारी की कार्यप्रणाली से खफा हैं और उन पर कार्रवाई कराना चाहते हैं। बस इसी फाइल को हरी झंडी दिलाने और मैडम का ‘सॉफ्ट कॉर्नर’ पाने के लिए यह ‘एसी पॉलिटिक्स’ खेली गई है। साहब की यह तरकीब रंग लाती भी दिख रही है। अब देखना है कि एसी की यह ठंडक साहब को कितनी राहत देती है और विरोधी खेमे में कितनी तपिश बढ़ाती है।


