सीहोर। मध्यप्रदेश में सूरज के कड़े तेवरों और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी को देखते हुए प्रदेश सरकार ने शिक्षकों को एक बड़ी राहत दी है। स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश ने प्रदेश में चल रही भीषण लू और अत्यधिक तापमान को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों के ग्रीष्मकालीन अवकाश में वृद्धि कर दी है। अब प्रदेश के शिक्षकों के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश बढ़ाकर 7 जून तक कर दिया गया है। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय के आयुक्त अभिषेक सिंह ने आदेश जारी कर दिए हैं।
जारी शासकीय आदेश क्रमांक 681-682 के अनुसार वर्तमान समय में पूरा प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है और कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक दर्ज किया जा रहा है। इसके साथ ही भीषण गर्मी के इस दौर में भी शिक्षक लगातार जनगणना और बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े महत्वपूर्ण शासकीय कार्यों को संपादित कर रहे हैं। इन विपरीत परिस्थितियों और अत्यधिक गर्मी को देखते हुए शिक्षकों के स्वास्थ्य हित में यह निर्णय लिया गया है।
पुराने आदेश में हुआ संशोधन
विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्व में जारी अवकाश आदेश (दिनांक 24 मार्च 2026) में संशोधन करते हुए अब शिक्षकों के लिए 7 जून तक छुट्टियां घोषित की गई हैं। आदेश में साफ किया गया है कि केवल ग्रीष्मकालीन अवकाश की समयावधि में बदलाव किया गया है, जबकि वर्ष की शेष अन्य छुट्टियां जैसे दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश पूर्व में जारी कैलेंडर के अनुसार यथावत वैसे ही रहेंगे।


