Sehore News: सीहोर। विधानसभा क्षेत्र में विकास की इबारत लिख रहे विधायक सुदेश राय ने एक बार फिर अपनी विधानसभा की जनता को बड़ी सौगात दी है। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आवागमन की समस्या को खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के अंतर्गत कुल 16 नई सडक़ों के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। लगभग 31.22 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली ये सडक़ें सीहोर के विकास पथ को नई ऊंचाइयां प्रदान करेंगी।
विधायक सुदेश राय के विशेष प्रयासों से स्वीकृत हुई इन 16 सडक़ों की कुल लंबाई करीब 41 किलोमीटर है। इन सडक़ों के निर्माण से न केवल गांवों का आपस में संपर्क बेहतर होगा, बल्कि किसानों को अपनी उपज मंडी तक ले जाने और छात्रों को स्कूल-कॉलेज जाने में भी बड़ी आसानी होगी।
इन प्रमुख क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
स्वीकृत की गई सडक़ों में मुहाली से टिकली बंजारी, हथियारखेड़ा से बुगलीवाली, रावनखेड़ा पानबिहार रोड से पठार और सेमरादांगी से छेवटा मोहल्ला जैसी महत्वपूर्ण सडक़ें शामिल हैं। इसके अलावा सिराड़ी से मानाटोला, सोंठी से पुरा और श्यामपुर बिछिया रोड से अचारपुरा तक भी डामरीकरण का काम होगा। ये सडक़ें लंबे समय से जर्जर थीं या कच्चे रास्तों के कारण ग्रामीणों को परेशानी होती थी, लेकिन अब विधायक सुदेश राय की पहल पर यहां पक्की सडक़ों का निर्माण होगा।
हर गांव तक पहुंचेगा विकास
विधायक सुदेश राय ने इस सौगात पर खुशी जाहिर करते हुए कहा किए हमारा एकमात्र लक्ष्य हर गांव तक सडक़ और हर घर तक विकास पहुंचाना है। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के चौथे चरण में इन सडक़ों की मंजूरी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सीहोर विधानसभा को प्रदेश की अग्रणी विधानसभा बनाना मेरा संकल्प है और इसके लिए मैं निरंतर प्रयासरत हूं।
ग्रामीणों में उत्साह
विकास कार्यों की इस बड़ी घोषणा के बाद मुंडलाकलां, अहमदपुर, दोराहा और गोपालपुरा सहित दर्जनों गांवों के लोगों ने विधायक सुदेश राय का आभार व्यक्त किया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुदेश राय के नेतृत्व में सीहोर विधानसभा के सुदूर क्षेत्रों में भी सडक़ों और अन्य मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।
स्वीकृत प्रमुख सडक़ें
मुहाली-टिकली बंजारी: 1.80 किमी सडक़
हथियारखेड़ा-बुगलीवाली: 4.50 किमी
रावनखेड़ा पानबिहार-पठार: 2.80 किमी
चांदबड़ मगरखेडा-पतलोन: 4.50 किमी
अहमदपुर पारासोन-झिरी गुर्जर मोहल्ला: 2.80 किमी
मुख्तारनगर-पहिया टोला: 3.50 किमी


