लापरवाही पर भडक़े कलेक्टर, बैठक से गायब भैरूंदा सीएमओ पर कार्रवाई के निर्देश

02 sehore photo 09

सीहोर। जिला मुख्यालय पर आयोजित समय सीमा बैठक में सोमवार को कलेक्टर बालागुरू के. सख्त तेवर में नजर आए। शासकीय कार्यों और बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहने पर उन्होंने भैरूंदा नगर पालिका सीएमओ के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
नगरीय निकायों की प्रगति की समीक्षा के दौरान जब भैरूंदा सीएमओ बैठक में अनुपस्थित पाए गए तो कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। बताया गया कि उक्त अधिकारी पिछली बैठक में भी बिना अनुमति के मुख्यालय से बाहर थे। कलेक्टर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बैठकों और जनहित के शिविरों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न हो
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दो टूक कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल कागजी औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि आवेदक की संतुष्टि सबसे जरूरी है। उन्होंने 100 दिन से अधिक पुराने लंबित प्रकरणों को तत्काल सुलझाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान बताया कि संकल्प से समाधान अभियान में जिले में अब तक 71,251 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 69,435 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है।
बालिकाओं को मुफ्त टीका
कलेक्टर ने 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगवाने की अपील की। उन्होंने बताया कि बाजार में 4000 रुपये की कीमत वाला यह टीका सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क लगाया जा रहा है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे, जबकि तहसील स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।