सीहोर। राजनीति के दिग्गज और अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय जब कुबेरेश्वर धाम के मंच पर पहुंचे तो उन्होंने धर्म और सेवा के साथ-साथ सीहोर के पुराने जायके का तडक़ा भी लगा दिया। रुद्राक्ष महोत्सव के तीसरे दिन उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए मंत्रीजी ने सीहोर की प्रसिद्ध कचौड़ी का उदाहरण दियाए जो अब चर्चा का विषय बन गया है।
कुबेरेश्वर धाम समिति प्रवक्ता मनोज दीक्षित द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पंडित प्रदीप मिश्रा के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि एक समय था जब लोग सीहोर को यहां की कचौड़ी के लाजवाब स्वाद के लिए जानते थे, लेकिन आज पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव भक्ति और संकल्प ने सीहोर की पहचान बदल दी है। अब यह शहर कचौड़ी के स्वाद से आगे बढक़र अपनी आध्यात्मिक ऊर्जा के लिए वैश्विक मानचित्र पर चमक रहा है। उनका यह अंदाज सुनकर पंडाल में मौजूद लाखों श्रद्धालु मुस्करा उठे।
भोजनालय की सेवा को सराहा
मंत्रीजी ने धाम पर निर्माणाधीन अस्पताल और विशाल भोजनालय की प्रशंसा करते हुए कहा कि धर्म के साथ सेवा का यह मार्ग अनुकरणीय है। कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने मंत्रीजी का भव्य स्वागत किया।
पंडित मिश्रा का संदेश, बाबाओं के चक्कर छोड़ें
व्यासपीठ से कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने भी अंधविश्वास पर प्रहार किया। उन्होंने भक्तों से कहा दुनिया के ढोंग और प्रपंच से बाहर निकलें। किसी बाबा के चक्कर में पडक़र अपना समय गंवाने के बजाय सीधे महादेव की शरण में आएं। उन्होंने एक लोटा जल की महिमा बताते हुए श्रद्धालुओं को सचेत किया कि भगवान पर किया गया भरोसा ही जीवन की नाव पार लगाता है।
आज पहुंचेंगे बागेश्वर बाबा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
महोत्सव के चौथे दिन यानी मंगलवार को कुबेरेश्वर धाम में दो बड़ी आध्यात्मिक शक्तियों का मिलन होने जा रहा है। विठ्ठलेश सेवा समिति के अनुसार बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आज धाम पहुंचेंगे। इसके बाद आगामी दिनों में देवकीनंदन ठाकुर और कौशिक महाराज का भी आगमन होगा।


