सीहोर। शहर की पेयजल व्यवस्था को हाईटेक और सुव्यवस्थित बनाने के अपने संकल्प की दिशा में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने आज (बुधवार) को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इंदौर नाका क्षेत्र में वर्षों से पानी की किल्लत से जूझ रहे परिवारों को राहत देते हुए नपा अध्यक्ष ने 84 लाख रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक पानी की टंकी का भव्य लोकार्पण किया। नपाध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने विधि-विधान से पूजा अर्चना के बाद नल का वॉल खोलकर इस योजना को जनता को समर्पित किया।
बता दें इंदौर नाका और आसपास के वार्डों में पानी की समस्या एक बड़ी चुनौती थी। क्षेत्रवासी लंबे समय से पर्याप्त दबाव और नियमित आपूर्ति की मांग कर रहे थे। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नपा अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने इसे अपनी प्राथमिकता में शामिल किया। उन्होंने न केवल इस कार्य के लिए बजट स्वीकृत कराया, बल्कि स्वयं मॉनिटरिंग कर तय समय-सीमा में टंकी का निर्माण कार्य पूर्ण कराया। आज जब इस टंकी का लोकार्पण हुआ तो क्षेत्रवासियों ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर का आभार व्यक्त किया।
10 हजार लोगों का जीवन होगा आसान
इस नई जल संरचना के शुरू होने से क्षेत्र की करीब 10 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। अब न केवल पानी का दबाव बेहतर होगा, बल्कि जल वितरण की समय-सारणी भी सुधरेगी। महिलाओं को अब पानी के लिए दूर नहीं भटकना पड़ेगा, जिससे उनके दैनिक जीवन में बड़ी सुगमता आएगी।
हर क्षेत्र में विकास की नई इबारत
लोकार्पण के बाद जनसमूह को संबोधित करते हुए नपा अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने कहा इंदौर नाका का विकास मेरे दिल के करीब था। जनता की प्यास बुझाना मेरा प्रथम कर्तव्य है। हमारी नगर पालिका टीम सडक़, सफाई, रोशनी और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को हर गली और हर घर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मेरा लक्ष्य है कि सीहोर का कोई भी कोना विकास से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से सीहोर को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।
यह रहे मौजूद
इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए शहर के कई गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान दामोदर राय, राजेंद्र सिंह राजपूत, नपा उपाध्यक्ष विपिन सास्ता, जल सभापति संतोष शाक्य सहित पार्षदगण अर्जुन राठौर, राजेश माझी, नरेंद्र राजपूत, कमलेश कुशवाहा, मुकेश मेवाड़ा, कमलेश राठौर, आशीष गहलोत, सुदीप व्यास, इरफान खान, लोकेंद्र वर्मा और मांगीलाल मालवीय विशेष रूप से मौजूद थे।


