पुलिस से भिड़े डबल मर्डर से गुस्साए परिजन

06 sehore photo 06

सीहोर। सिद्दीकगंज थाना क्षेत्र के ग्राम धरमपुरी में शुक्रवार सुबह रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी सनसनीखेज वारदात हुई, जिसने पूरे जिले को स्तब्ध कर दिया। एक कलयुगी ताऊ ने जमीन विवाद के चलते अपने ही सगे भतीजे और भतीजी की लाठियों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना के बाद आष्टा सिविल अस्पताल में उस वक्त जबरदस्त हंगामा हो गया, जब आक्रोशित परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एक कांस्टेबल के साथ झुमाझटकी कर दी।
जानकारी के अनुसार ग्राम धरमपुरी निवासी शीतल 20 और कुलदीप 19 शुक्रवार सुबह 10वीं की बोर्ड परीक्षा देने के लिए घर से निकले थे। दोनों भाई-बहन कुछ ही दूर पहुंचे थे कि उनके ताऊ हरिसिंह मालवीय ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इससे पहले कि बच्चे कुछ समझ पाते, आरोपी ने उन पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पड़ोसियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों लहूलुहान हो चुके थे। परिजन आनन फानन में बच्चों को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पीएम रूम के बाहर हंगामा
हत्या की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर छावनी में तब्दील हो गया। मासूम बच्चों के शव देख परिजनों का धैर्य जवाब दे गया। पोस्टमॉर्टम रूम के बाहर गुस्साए परिजनों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और वहां मौजूद एक कांस्टेबल के साथ मारपीट कर दी। स्थिति बिगड़ती देख आष्टा थाना प्रभारी गिरीश दुबे और पार्वती थाना प्रभारी हरीसिंह परमार अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद हंगामे को शांत कराया जा सका। पुलिस की कड़ी निगरानी में शवों को अंतिम संस्कार के लिए गांव रवाना किया गया।
परिजनों का गंभीर आरोप, पुलिस की सुस्ती ने ली जान
मृतकों के परिजन ने पुलिस प्रशासन पर सीधे तौर पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी हरिसिंह और उनके पिता जगदीश के बीच लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा था। परिजनों का दावा है कि पिछले दो महीनों में उन्होंने 4 आवेदन दिए थे, जिसमें स्पष्ट कहा गया था कि आरोपी उन पर जानलेवा हमला कर सकता है। परिजनों का आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते इन शिकायतों पर कार्रवाई करती तो आज दोनों बच्चे जीवित होते।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना पर एसडीओपी दामोदर गुप्ता और थाना प्रभारी राजू सिंह बघेल ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आरोपी हरिसिंह मालवीय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।