Sehore News: सीहोर। शहर के बेघर और जरूरतमंद परिवारों को छत मुहैया कराने की दिशा में नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने एक बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर के समक्ष जेल परिसर के पास की 15 एकड़ शासकीय भूमि नगरपालिका को आवंटित करने की मांग रखी।
नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने बैठक में कहा कि शहर में ऐसे कई पात्र परिवार हैं, जिनके पास प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने के लिए स्वयं की भूमि उपलब्ध नहीं है। यदि जेल परिसर के पास की यह 15 एकड़ जमीन आवंटित हो जाती है तो सैकड़ों गरीब परिवारों का अपने घर का सपना साकार हो सकेगा।
प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा
इससे पूर्व प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने जिले के विकास कार्यों और जनहितैषी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में निर्देश दिए, जिसमें सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक बिना किसी देरी के समय पर पहुंचना चाहिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा। जो भी विकास कार्य लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।
बैठक में यह रहे मौजूद
बैठक में विकास के रोडमैप पर चर्चा करने के लिए जिले का शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहा। इसमें सीहोर विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और जिला पंचायत अध्यक्ष रचना मेवाड़ा ने भी अपने विचार रखे। प्रशासनिक स्तर पर कलेक्टर बालागुरू के. एसपी सोनाक्षी सक्सेना और जिला पंचायत सीईओ सर्जना सिंह सहित सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।


