सीहोर। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में आयोजित ‘दिशा’ की बैठक के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष शहर के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगें रखीं। नपाध्यक्ष ने विशेष रूप से एनबीडीए के अंतर्गत नर्मदा-पार्वती लिंक परियोजना को जल्द से जल्द सीहोर लाने और इस पर कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि नर्मदा-पार्वती लिंक परियोजना सीहोर के लिए जीवनदायिनी साबित होगी। इस हजारों करोड़ की योजना के माध्यम से भगवानपुरा डैम से नर्मदा का जल सीहोर लाया जाना है। नपाध्यक्ष ने बताया कि नगर पालिका द्वारा आधा दर्जन से अधिक पेयजल टंकियों का निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण किया जा रहा है। इन टंकियों के माध्यम से नर्मदा जल की आपूर्ति शहर के प्रत्येक वार्ड और घर तक की जाएगीए जिससे दशकों पुरानी पेयजल समस्या का स्थाई समाधान होगा।
32 करोड़ से संवरेगा शहर का जल ढांचा
नपाध्यक्ष श्री राठौर ने बैठक में बताया कि अमृत योजना 2.0 के तहत ाहर में लगभग 32 करोड़ रुपये के कार्य कराए जा रहे हैं। इसमें हाल ही में 16 लाख लीटर क्षमता वाली विशाल पेयजल टंकी का भूमि पूजन किया गया है। इसके अलावा शहर में वर्षों पुरानी और जर्जर हो चुकी पाइपलाइनों को बदला जा रहा है। नई पाइपलाइन बिछाने के बाद आगामी 25 वर्षों तक शहर की बढ़ती आबादी की पानी की जरूरतों को आसानी से पूरा किया जा सकेगा। योजना पूर्ण होते ही शहरवासियों को नियमित और शुद्ध पेयजल की सप्लाई सुनिश्चित हो सकेगी।
पीएम आवास योजना पर भी हुई चर्चा
नपाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शहर के हितग्राहियों को मिल रहे लाभ और उनके आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से सीहोर नगर पालिका विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नपाध्यक्ष की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


