Sehore News: सीहोर। हिंदू धर्म और भारतीय संस्कृति में यह गहरी मान्यता है कि सूर्यास्त के बाद शवयात्रा नहीं निकाली जाती और न ही अंतिम संस्कार किया जाता है। इसी परंपरा का पालन करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के आह्वान पर भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ अनूठा प्रदर्शन किया। दिन के उजाले में ही कोतवाली चौराहा से महंगाई रूपी शव की अंतिम यात्रा शुरू हुई, जिसका समापन लीसा टॉकीज चौराहे पर दाह संस्कार के साथ हुआ।
जिला अध्यक्ष राजीव गुजराती और प्रभारी दिनेश मेघानी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता सडक़ों पर उतरे। हाथों में तख्तियां लिए कार्यकर्ता नरेंद्र भी गायब, सिलेंडर भी गायब और जनता है महंगाई से त्रस्त, सरकार है मदमस्त जैसे नारे लगा रहे थे। इस दौरान पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
गैस और डीजल की किल्लत से जनजीवन बेहाल
प्रदर्शन के दौरान राजीव गुजराती ने कहा कि 1 अप्रैल से बिजली की दरों में होने वाली बढ़ोतरी और गैस सिलेंडर की अपर्याप्त उपलब्धता ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने बताया कि सीहोर में गैस न मिलने से चाय-नाश्ते की छोटी दुकानें बंद होने की कगार पर हैं। शादी-ब्याह वाले घरों और भंडारा समितियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को ट्रैक्टरों के लिए ड्रम या केन में मिलने वाला पारंपरिक डीजल भी नहीं मिल पा रहा है।
पुराने दिनों की याद और वर्तमान का कटाक्ष
पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा एक समय था जब स्मृति ईरानी गैस के बढ़ते दामों पर सिर पर सिलेंडर रखकर प्रदर्शन करती थीं, आज वे और उनके वादे कहीं नजर नहीं आ रहे। आज जनता का चूल्हा नहीं जल रहा और सरकार केवल बयानबाजी में व्यस्त है।
सद्बुद्धि के लिए मौन और प्रार्थना
शव का दाह संस्कार करने के पश्चात सभी उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 2 मिनट का मौन रखा। कार्यकर्ताओं ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे भाजपा सरकार को सद्बुद्धि प्रदान करें ताकि जनता को बढ़ती महंगाई और अव्यवस्था से मुक्ति मिल सके। इस प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।


