सीहोर। मंडप सज गया था, पंडित जी मंत्रों का उच्चारण करने वाले थे, थोड़ी देर में दूल्हन आकर दूल्हे के पास बैठती, फिर सात फेरे होते और वरमाला डलती, लेकिन उससे पहले ही इंदौर की चंदन नगर थाना पुलिस ने फिल्मी अंदाज में एंट्री मारी। पुलिस ने वरमाला से ठीक पहले दूल्हे के हाथों में हथकड़ी डाल दी और उसे हिरासत में लेकर इंदौर रवाना हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सीहोर निवासी आरोपी रवि विश्वकर्मा की बहन इंदौर के चंदन नगर इलाके में रहती है। रवि का अपनी बहन के घर लगातार आना जाना लगा रहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात पड़ोस में रहने वाली एक युवती से हुई। देखते ही देखते दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई।
पीडि़त युवती का आरोप है कि रवि ने उससे शादी करने का पक्का भरोसा दिया था। इसी शादी के वादे की आड़ में आरोपी पिछले 1 साल से उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। लेकिन जब युवती ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया तो रवि मुकर गया। उसने पीडि़ता को धोखा देकर सीहोर में दूसरी जगह अपनी शादी तय कर ली।
आरोपी को भारी पड़ी अकड़
धोखे और फरेब से टूटी पीडि़त युवती न्याय की गुहार लेकर पिछले दो दिनों से चंदन नगर थाने के चक्कर काट रही थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए महिला पुलिसकर्मियों ने बीच का रास्ता निकालने का प्रयास किया। पुलिस ने रवि को फोन कर शांति से थाने आकर बातचीत करने का मौका दिया था्र ताकि दोनों पक्षों के बीच कोई समझौता हो सके। लेकिन शादी के जश्न के अहंकार में डूबे रवि ने थाने आने से साफ मना कर दिया। आरोपी का यही अडिय़ल रवैया उसकी सबसे बड़ी भूल साबित हुआ।
इंदौर से सीहोर आई पुलिस टीम
जब पुलिस की तरफ से दी गई समझौते और बातचीत की कोशिश नाकाम हो गई तो कानून ने अपना सख्त रूप अख्तियार किया। चंदन नगर पुलिस ने तुरंत एक स्पेशल टीम गठित की और बिना वक्त गंवाए सीधे सीहोर के लिए रवाना कर दी। बुधवार को जब सीहोर के मैरिज गार्डन में रवि की शादी की मुख्य रस्में शुरू होने वाली थीं, तभी इंदौर पुलिस वहां आ धमकी। वरमाला की रस्म से ऐन पहले पुलिस ने दूल्हे बने रवि को दबोच लिया। दूल्हे के अचानक इस तरह पकड़े जाने और हाथों में हथकड़ी डलने से शादी समारोह में हडक़ंप और अफरा तफरी मच गई। पुलिस आरोपी रवि को गाड़ी में बैठाकर सीधे इंदौर ले आई। यहां पीडि़ता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।


