Sehore News: सीहोर। नवाबी दौर के इतिहास को समेटे और अब आधुनिक विकास की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहे सीहोर शहर को जल्द ही एक नई और भव्य पहचान मिलने जा रही है। शहर में प्रवेश करने वाले आगंतुकों का स्वागत अब ऐतिहासिक और राजसी अंदाज में होगा। इसके लिए शहर के तीन प्रमुख प्रवेश द्वारों पर भव्य सिद्धपुर द्वार का निर्माण कराया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण सौगात की शुरुआत कल यानी 5 जून को होने जा रही है, जब शहर के सैकड़ाखेड़ी मार्ग पर पहले भव्य द्वार का भूमिपूजन किया जाएगा।
इस भव्य सौगात को लेकर सीहोर विधानसभा के विधायक सुदेश राय की अगुवाई में कल सुबह 10 बजे भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। विधायक सुदेश राय के सोशल मीडिया अकाउंट्स से इस कार्यक्रम की जानकारी जैसे ही साझा की गई, शहरवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। लोग इसे सीहोर के सौंदर्यीकरण में एक अच्छा प्रयास मान रहे हैं।
1 करोड़ 1 लाख की लागत होगा निर्माण
इस द्वार की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि केवल एक द्वार के निर्माण पर 1 करोड़ 1 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। द्वारों को बेहद आकर्षक और ऐतिहासिक लुक देने के लिए इसमें राजस्थानी मार्बल का उपयोग किया जाएगा। कारीगरों द्वारा इस मार्बल पर बेहतरीन नक्काशी की जाएगी। इस पूरे निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सरकारी निर्माण एजेंसी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) को सौंपी गई है, जो गुणवत्ता के साथ इसका निर्माण पूरा करेगी।
तीन प्रमुख रास्तों पर बनेंगे भव्य द्वार
विधायक सुदेश राय ने बताया कि शहर की सीमाओं को चारों तरफ से इस भव्यता से जोडऩे के लिए कुल तीन प्रवेश द्वारों का चयन किया गया है। पहला द्वार सैकड़ाखेड़ी मार्ग जिसका भूमिपूजन कल 5 जून को हो रहा है। दूसरा चौपाल सागर के पास और तीसरा क्रीसेंट चौराहा बनेगा।


