Sehore: अच्छी खबर: अब सीहोर से भी चलेगी लाल बस…

10 sehore photo 05

सीहोर। सीहोर और आसपास के क्षेत्रों से राजधानी भोपाल की ओर रुख करने वाले हजारों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। परिवहन विभाग ने सिटी बस सेवा के विस्तार के लिए नई अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत अब भोपाल को केवल नगर निगम सीमा तक सीमित न रखकर एक बड़े रीजनल अर्बन ट्रांसपोर्ट जोन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें सीहोर जिले के महत्वपूर्ण मार्गों को भी शामिल किया गया है।
सीहोर के इन मार्गों को मिली सौगात
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राजपत्र में अधिसूचित 26 मार्गों में सीहोर जिले से जुड़े कई प्रमुख रूट शामिल हैं। अब शहरी बस सेवा का विस्तार इन क्षेत्रों तक होगा…

  • – सीहोर से कटारा बाईपास तिराहा।
  • – बिलखिरिया से सीहोर।
  • – औद्योगिक क्षेत्र अचारपुरा से बिलकिसगंज।
  • – फंदा से मंडीदीप।
  • – फंदा से आईबीडी रॉयल सलैया और बीडीए कॉलोनी।
    टैक्स में बड़ी छूट, ऑपरेटरों को फायदा
    इस नई व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ बस ऑपरेटरों को मिलेगा, जिसका सीधा असर यात्रियों की सुविधाओं पर पड़ेगा। अब तक इन रूटों पर चलने वाली बसें स्टेज कैरिज श्रेणी में दूरी के आधार पर भारी टैक्स देती थीं। लेकिन अब इन्हें अर्बन-सब अर्बन (शहरी.उपनगरीय) श्रेणी में रखा गया है।
    कानून में बदलाव से मिली नई पहचान
    दरअसल जनवरी 2026 में मध्य प्रदेश मोटरयान कराधान अधिनियम में बड़ा संशोधन किया गया था। इसमें सिटी रूट शब्द को हटाकर अर्बन रूट किया गया और पहली बार सब-अर्बन यानी उपनगरीय क्षेत्रों को भी इसमें जोड़ा गया। इसी बदलाव के कारण अब सीहोर, मंडीदीप, औबेदुल्लागंज और रातापानी जैसे इलाके भोपाल के अर्बन ट्रांसपोर्ट नेटवर्क का हिस्सा बन गए हैं।
    यह होगा फायदा
    कनेक्टिविटी: सीहोर से भोपाल के उपनगरीय इलाकों जैसे कटारा, मिसरोद, मंडीदीप तक सीधी बस सेवा मिलेगी।
    सस्ता सफर: टैक्स कम होने से निजी बस ऑपरेटरों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, जिससे यात्रियों को बेहतर और सस्ती सुविधा मिल सकेगी।
    रोजगार और शिक्षा: सीहोर से प्रतिदिन भोपाल काम पर जाने वाले कर्मचारियों और पढऩे जाने वाले छात्र-छात्राओं के लिए आवागमन सुरक्षित और सुलभ होगा।