Sehore News : सीहोर। सोमवार को ग्राम आलमपुरा के खेतों में भडक़ी भीषण आग का मामला अब गर्माता जा रहा है। इस अग्निकांड में जहां 40 एकड़ में खड़ी गेहूं की सुनहरी फसल जलकर राख हो गई, वहीं अब इस मामले में आपसी रंजिश और मारपीट ने नया मोड़ ले लिया है। पीडि़त किसान सुनील परमार ने अपने पड़ोसियों पर आग लगाने और उनके साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है।
बता दें मंगलवार को प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा स्वयं ग्राम आलमपुरा पहुंचे। उन्होंने राख हो चुके खेतों के बीच जाकर किसानों से संवाद किया और इस भारी नुकसान पर दुख जताया। मंत्री वर्मा ने अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिए कि एक-एक खेत का बारीकी से सर्वे किया जाए और आरबीसी 6.4 के नियमों के तहत प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिलाया जाए। उन्होंने प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ काम करने की हिदायत दी ताकि संकट की इस घड़ी में किसानों को भटकना न पड़े।
यह सिर्फ हादसा नहीं…
इस पूरी घटना में नया मोड़ तब आया जब 40 एकड़ की फसल गंवाने वाले किसान सुनील परमार ने पड़ोसियों पर उंगली उठाई। सुनील का आरोप है कि आग अचानक नहीं लगी, बल्कि रंजिश के चलते लगाई गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई।
क्या थी घटना
गौरतलब है कि 16 मार्च की दोपहर को आलमपुर के खेतों में अचानक आग की लपटें उठी थीं। तेज हवाओं के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते कई किसानों की महीनों की मेहनत धुएं में तब्दील हो गई। निरीक्षण के दौरान राजस्व मंत्री के साथ पंकज गुप्ता, तहसीलदार अविनाश सोनानिया सहित अन्य राजस्व अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। राजस्व मंत्री के निर्देश के बाद तहसीलदार ने हल्का पटवारी और राजस्व टीम को तत्काल सर्वे रिपोर्ट तैयार करने को कहा है।


