Sehore News: सीहोर। सीहोर विधानसभा क्षेत्र के विकास और हर गांव तक सडक़, हर घर तक विकास के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए विधायक सुदेश राय बुधवार को अंचल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे ग्रामीण क्षेत्रों में करोड़ों रुपए की लागत वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है, बल्कि सीधे जनता के बीच पहुंचकर विकास कार्यों का फीडबैक लेना भी है।
विधायक सुदेश राय अपने दौरे की शुरुआत में ग्राम मुंगावली पहुंचेंगे। यहां वे 54 लाख 38 हजार रुपए की लागत से बनने वाले दो नए कक्षों, दो लैब और बाउंड्रीवाल निर्माण का भूमिपूजन करेंगे। इसी कड़ी में अहमदपुर ग्राम पंचायत में भी 64.91 लाख रुपए की लागत से बनने वाले दो कक्षों, दो लैब और भव्य गेट निर्माण का पूजन विधायक की उपस्थिति में संपन्न होगा। इन कार्यों से स्थानीय स्तर पर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।
सडक़ों का बिछेगा जाल
दोपहर 1 बजे विधायक सुदेश राय ग्राम सेमरादांगी पहुंचेंगे, जहां वे सेमरादांगी से बरखेड़ा तक बनने वाली नई सडक़ का भूमिपूजन करेंगे। 3.8 किलोमीटर लंबी इस सडक़ के निर्माण पर 356.08 लाख रुपए की भारी भरकम राशि खर्च की जाएगी। इसके अलावा दोराहा नहर से चैनपुरा तक 75.05 लाख रुपए की लागत से हुए डामरीकरण कार्य का लोकार्पण भी विधायक द्वारा किया जाएगा।
चरनाल में आरोग्य मंदिर का शुभारंभ
क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विधायक सुदेश राय चरनाल में 2 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर भवन का शुभारंभ करेंगे। यह आधुनिक भवन ग्रामीणों को बेहतर प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होगा।
श्यामपुर में 108 लाख के कार्यों की सौगात
दौरे के अंतिम चरण में शाम 4 बजे विधायक श्यामपुर पहुंचेंगे। यहां 108.62 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 7 नए कक्षों, बाउंड्रीवाल, शौचालय और सडक़ निर्माण कार्य का भूमिपूजन होगा।
जनता से सीधा संवाद और फीडबैक
इन कार्यक्रमों के दौरान विधायक सुदेश राय स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बुजुर्गों और महिलाओं से सीधा संवाद करेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं और सरपंचों द्वारा विधायक का स्वागत कर आभार व्यक्त किया जाएगा। विधायक का कहना है कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को मुख्य मार्गों से जोडऩा और शिक्षण संस्थानों का आधुनिकीकरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


