Sehore: दलबदलू सांसदों का होगा ‘सत्यानाश’, सीहोर में बरसे दिग्विजय

28 sehore photo 12

Sehore News: सीहोर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी और दलबदल की राजनीति पर करारा हमला बोला है। सीहोर प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने आम आदमी पार्टी छोडक़र भाजपा का दामन थामने वाले सांसदों को आड़े हाथों लिया और उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ी टिप्पणी की।
दिग्विजय सिंह ने विशेष रूप से उन सांसदों पर निशाना साधा जो अपनी मूल पार्टी के साथ गद्दारी कर भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि जो सांसद अपनी निष्ठा बदलकर और निजी हितों के लिए भाजपा में गए हैं, उनका सत्यानाश हो जाएगा। सिंह ने कहा कि जनता ऐसे अवसरवादी नेताओं को कभी माफ नहीं करती और दलबदल की यह राजनीति लोकतंत्र के लिए घातक है।
महिला आरक्षण पर केंद्र को घेरा
महिला आरक्षण बिल के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की नीयत कभी साफ नहीं रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर देश से लगातार झूठ बोला जा रहा है। सिंह ने कहा यदि सरकार वास्तव में महिलाओं को अधिकार देना चाहती है तो परिसीमन और जनगणना जैसे बहाने क्यों बनाए जा रहे हैं। इसे भविष्य के बजाय तत्काल प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए।
यूपी चुनाव से ही लागू हो आरक्षण
दिग्विजय सिंह ने सुझाव दिया कि यदि सरकार की मंशा नेक है तो आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से ही महिला आरक्षण की शुरुआत कर देनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में भी आरक्षण लागू करना पूरी तरह संभव है, लेकिन सरकार केवल श्रेय लेने और समय टालने की राजनीति कर रही है। विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे ऑपरेशन लोटस के आरोपों को हवा देते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को डराया-धमकाया जा रहा है।